|

पेटलावद में शिक्षकों ने TET का किया विरोध: बोले- परीक्षा नहीं देंगे, आवेदन भी नहीं भरेंगे; भूख हड़ताल की चेतावनी

पेटलावद। राज्य कर्मचारी संघ ब्लॉक इकाई पेटलावद के आह्वान पर विकासखंड में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं ने TET परीक्षा से छूट की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने प्रधानमंत्री के नाम पेटलावद एसडीएम रितिका पाटीदार को ज्ञापन सौंपा।

2009 से पहले सेवारत शिक्षकों को छूट देने की मांग
ज्ञापन में निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 लागू होने से पहले सेवारत शिक्षकों को TET परीक्षा से छूट देने की प्रमुख मांग रखी गई। शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों को अब TET परीक्षा के दायरे में लाना उचित नहीं है।

बोले- किसी भी स्थिति में परीक्षा नहीं देंगे
प्रदर्शन के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं ने नारेबाजी करते हुए एक स्वर में कहा कि वे किसी भी स्थिति में TET परीक्षा नहीं देंगे और न ही परीक्षा के लिए आवेदन भरेंगे। शिक्षक संगठनों ने इसे लेकर अपनी एकजुटता भी दिखाई।

संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे
ज्ञापन सौंपने के दौरान राज्य कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष संजय मखोड़, सचिव तोलसिंह निनामा, प्रतापसिंह सिसौदिया सहित अध्यापक शिक्षक मोर्चा के जिला पदाधिकारी और अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

मांग नहीं मानी तो जिला और प्रदेश स्तर पर आंदोलन
शिक्षक संगठनों ने शासन-प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को जिला और प्रदेश स्तर तक ले जाया जाएगा। संगठन ने विशाल रैली, विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन देने की बात कही है। जरूरत पड़ने पर मांगें पूरी होने तक भूख हड़ताल करने की भी चेतावनी दी गई है।

Share