धार में मकान से 56 किलो गांजा जब्त: 11 लाख कीमत; सप्लायर का पता लगा रही पुलिस

धार। अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और खरीद-बिक्री के खिलाफ नारकोटिक्स सेल इंदौर ने धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम सुन्द्रेल के सगड़ीपुरा कहार मोहल्ले में दबिश देकर एक मकान से 56 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 11 लाख है।
नारकोटिक्स सेल इंदौर की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सगड़ीपुरा कहार मोहल्ले में एक व्यक्ति के पास बड़ी मात्रा में गांजा रखा हुआ है। सूचना के आधार पर टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।
सप्लायर का पता लगा रही पुलिस
तलाशी के दौरान विक्रम पिता छोगालाल (49), निवासी सुन्द्रेल क्षेत्र के कब्जे से गांजा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
इन्होंने निभाई अहम भूमिका
कार्रवाई एडीजी नारकोटिक्स डी. श्रीनिवास वर्मा और डीआईजी नारकोटिक्स कुमार प्रतीक के निर्देश पर की गई। इसमें डीएसपी संतोष हाड़ा, टीआई अजय वास्कले, एएसआई विजय मिश्रा समेत नारकोटिक्स सेल की टीम की भूमिका रही। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।