गणेश उत्सव की तैयारियां जोरों पर: खड़ी हल्दी से होगा गणपति का श्रृंगार; अमरबेल के पत्तों पर विराजेंगे बप्पा

इंदौर। गणेश उत्सव को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। मूर्तिकार भगवान गणेश की अनोखी और आकर्षक प्रतिमाएं तैयार कर रहे हैं। अलग-अलग स्वरूपों में बनाई जा रही प्रतिमाएं लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
कई किलो खड़ी हल्दी से गणेश का श्रृंगार
गोयल नगर स्थित पाल आर्ट्स में कलाकार अतुल पाल विशेष और विशाल गणेश प्रतिमाएं तैयार कर रहे हैं। यहां गणेश जी के कई अनोखे स्वरूप बनाए जा रहे हैं। एक प्रतिमा में कई किलो खड़ी हल्दी से भगवान गणेश का श्रृंगार किया जा रहा है।

सितार बजाते और त्रिशूल के सिंहासन पर दिखेंगे गणपति
कलाकारों ने अमरबेल के पत्तों पर विराजे गणेश का स्वरूप भी तैयार किया है। इसके अलावा पत्ते के आकार में गणेश प्रतिमा, सितार बजाते गणेश और त्रिशूल के सिंहासन पर विराजमान गणपति की प्रतिमाएं भी बनाई जा रही है

गंगा की मिट्टी से बनती हैं प्रतिमाएं
पाल आर्ट्स की खासियत यहां बनने वाली प्रतिमाओं में इस्तेमाल होने वाली मिट्टी है। कलाकार प्रतिमाओं के निर्माण में कलकत्ता की गंगा की मिट्टी का उपयोग करते हैं। यहां गणेश जी के अलावा दुर्गा माता, कालका माता सहित विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी तैयार की जाती हैं।

उत्सव से पहले अंतिम रूप देने का काम तेज
गणेश उत्सव से पहले प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है। कलाकार प्रतिमाओं की सजावट और रंग-रूप को आकर्षक बनाने में जुटे हैं। इस बार अनोखे स्वरूपों वाली गणेश प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेंगी।