धार के आदिवासी अंचल में 79 साल बाद चली इलेक्ट्रिक ट्रेन: PM ने किया शुभारंभ; गुजरात से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

धार। आजादी के बाद पहली बार जिले के आदिवासी अंचल में मेमू यात्री ट्रेन की शुरुआत हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा से टांडा रोड से प्रताप नगर वडोदरा तक की इस नियमित यात्री रेल सेवा का वर्चुअल उद्घाटन किया।
इसके अंतर्गत गंधवानी क्षेत्र के टांडा रोड रेलवे स्टेशन से वडोदरा (प्रतापनगर) के लिए मेमू ट्रेन सेवा का शुभारंभ हुआ है। यह केवल रेल सेवा का आरंभ नहीं, बल्कि आदिवासी अंचल के विकास, आकांक्षाओं और वर्षों पुराने सपने के साकार होने का ऐतिहासिक अवसर है।
टांडा रोड पर केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने 12 कोच वाली मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। लोकार्पण समारोह में वंदे मातरम की प्रस्तुति हुई। नियमित रेल सेवा के शुभारंभ को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह था। बड़ी संख्या में लोग इस मौके पर पहुंचे।
प्रधानमंत्री मोदी के वर्चुअल उद्घाटन पर सबने तालियां बजाकर खुशी जताई। इस रेल सेवा से आदिवासी अंचल की गुजरात से कनेक्टिविटी आसान हो जाएगी। इससे स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। टांडा रोड से प्रतापनगर के बीच मालगाड़ियां चलाने का भी प्रस्ताव है।
विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करते हुए
टांडा रोड–वडोदरा नई रेल सेवा से गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इससे वडोदरा, छोटा उदयपुर और अलीराजपुर सहित आसपास के क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर अवसर, व्यापारियों को नए बाजार, किसानों को परिवहन की सुविधा, युवाओं को रोजगार के नए अवसर तथा क्षेत्र में पर्यटन को नई गति मिलेगी। आवागमन सुगम होने से आदिवासी अंचल में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और विकास की नई संभावनाएं जन्म लेंगी।
व्यापारिक क्षमता होगी मजबूत
आज के इस ऐतिहासिक अवसर पर जोबट–टांडा रोड नई रेल लाइन के उद्घाटन, वडोदरा–रतलाम तीसरी एवं चौथी रेल लाइन, मियागाम–करजन–चोरंदा–मालसर गेज परिवर्तन तथा विश्वामित्री–डभोई दोहरीकरण जैसी महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं के शिलान्यास से पश्चिमी भारत की रेल अधोसंरचना को भी नई मजबूती मिली है। साथ ही 30700 करोड़ की लागत से बने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किए जाने और टांडा रोड–वडोदरा ट्रेन सेवा और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर चार नई फ्रेट ट्रेनों के शुभारंभ से क्षेत्र की कनेक्टिविटी एवं व्यापारिक क्षमता और मजबूत होगी।
आदिवासी अंचल में विकास की नई गंगा बह रही
भाजपा जनजातीय बंधुओं के साथ टांडा रोड पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आदिवासी अंचल में विकास की नई गंगा बह रही है। रेल केवल पटरियों और ट्रेनों का विस्तार नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, रोजगार, व्यापार, पर्यटन और समृद्धि के नए द्वार खोलने का माध्यम है।
सरकार निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही
सावित्री ठाकुर ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी का भी विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आज टांडा रोड से चली पहली मेमू ट्रेन धार लोकसभा क्षेत्र के विकास की नई यात्रा का शुभारंभ है।
जनप्रतिनिधिगण भी मौजूद रहे
यह रेल सेवा विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध आदिवासी अंचल की नई पहचान बनेगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक नीना विक्रम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार मेडा, जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
ट्रेन चलाकर बहुत बड़ी सौगात दी
उन्होंने आगे कहा कि आदिवासी भाई-बहनों ने, किसानों ने, हमारे आदिवासी अंचल ने देखा था, वो आज साकार होने जा रहा है। जो रेल टांडा से चलेगी और दो सेतु का काम करेगी, मध्यप्रदेश और गुजरात को जोड़ने का काम करेगी। ऐसी जगह जहां कोई आता-जाता नहीं था, वहां आदिवासी अंचल में प्रधानमंत्री ने ट्रेन चलाकर बहुत बड़ी सौगात दी है।
मध्यप्रदेश और गुजरात की कनेक्टिविटी बढ़ेगी
आदिवासी की लोग बात तो करते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री भूमिपूजन भी खुद करते हैं और लोकार्पण भी खुद करते हैं, और आज उन सपनों को साकार कर दिया। इससे क्षेत्र का विकास होगा, किसानों, महिलाओं, युवाओं का विकास होगा, नए उद्योग आएंगे, आवागमन होगा। मध्यप्रदेश और गुजरात की कनेक्टिविटी बढ़ेगी। आगे चलकर बॉम्बे से हर जगह की कनेक्टिविटी जुड़ जाएगी। इससे नए-नए उद्योग आएंगे, नए रोजगार खुलेंगे, नए अवसर मिलेंगे।