| |

धुरंधर के गाने पर मोदी की एंट्री, रैंप पर चले: जेन-जी संवाद में राहुल पर तंज; बोले- झूठ की गूंज से भटकाने वाले हर चौराहे पर मिलेंगे

गुजरात। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा में जेन-जी से 25 मिनट संवाद किया। मोदी के कार्यक्रम के लिए 6 हजार युवाओं को बुलाया गया था। मोदी ने युवाओं से झूठे दावों और भ्रामक बातों से बचने की अपील की।

पीएम ने कहा, ‘लोग आपको झूठ की गूंज से गुमराह करने की कोशिश करेंगे, लेकिन आप सच्चाई के साथ खड़ा रहना।” मोदी का यह बयान राहुल गांधी और कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान पर तंज माना जा रहा है।

इससे पहले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए खास तौर पर Y आकार का रैंप बनाया गया है। भाषण से पहले PM रैंप पर चलकर युवाओं के बीच पहुंचे।

मंच पर पहुंचते ही क्वीन का मशहूर गाना ‘वी विल रॉक यू’ बजाया गया। इसके बाद ‘धुरंधर’ का गाना ‘आरी आरी’ भी बजा। एक स्टूडेंट ने उन्हें तस्वीर भी गिफ्ट की।

फ्रेट कॉरिडोर पर ‘नाराज फूफाजी’ वाला तंज
मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि JNPT मुंबई से डबल कंटेनर मालगाड़ी चलने से एक बार में 250 से ज्यादा ट्रकों के बराबर माल मुंबई से वडोदरा पहुंचा। अब “नाराज फूफाजी” पूछेंगे कि ट्रक वालों का क्या होगा, लेकिन देश के एक कोने से दूसरे कोने तक माल पहुंचाने के लिए ऐसी कनेक्टिविटी जरूरी है।

2,000 किमी फ्रेट कॉरिडोर का काम पूरा
पीएम ने कहा- डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर 2004 में विचार शुरू हुआ और 2006 में विशेष कंपनी बनाई गई, लेकिन 2014 तक सिर्फ फाइलें एक टेबल से दूसरी टेबल तक जाती रहीं। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद उनकी सरकार ने इस प्रोजेक्ट को गति दी और 2,000 किमी फ्रेट कॉरिडोर का काम पूरा किया।

पैसेंजर और मालगाड़ियों के लिए अलग-अलग ट्रैक
प्रधानमंत्री बोले- पहले पैसेंजर और मालगाड़ियां एक ही ट्रैक पर चलती थीं, जिससे दोनों की रफ्तार प्रभावित होती थी। अब डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर रोज 430 मालगाड़ियां चल रही हैं। ट्रक से सामान भेजने में 30 घंटे लगते हैं, जबकि फ्रेट कॉरिडोर से 10 घंटे में पहुंच सकता है। एक दशक में भारत मेट्रो कोच और रेल इंजन बनाने वाला बड़ा निर्माता बना है।

AI का सुपरपावर बनने के लिए इकोसिस्टम जरूरी
पीएम ने कहा- अगर भारत को AI का सुपरपावर बनना है तो इसके लिए पूरा इकोसिस्टम तैयार करना होगा। इसके लिए यूरेनियम और रेयर अर्थ मटेरियल की उपलब्धता बढ़ाने के साथ युवाओं की स्किल ट्रेनिंग और अपग्रेडेशन पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ डिग्री नहीं, बल्कि स्किल पर फोकस किया जा रहा है।

Share