रीवा में डिप्टी CM के आवास पर हुए हंगामे पर BJP का ज्ञापन: निष्पक्ष जांच की मांग; सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो

रीवा। डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के अमहिया स्थित आवास में 6 सितंबर को जबरन प्रवेश और हंगामे की घटना को लेकर भाजपा और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने सोमवार को जोन के पुलिस महानिरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले की निष्पक्ष जांच की मांग
ज्ञापन में कहा गया है कि 6 सितंबर को कुछ लोगों द्वारा उपमुख्यमंत्री के आवास में जबरन घुसने की कोशिश और हंगामा किया गया। भाजपा ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। घटना में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो
इसके साथ ही बीजेपी ने आवास और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग सहित अन्य सबूतों को सुरक्षित रखकर जांच में शामिल करने की मांग की। ज्ञापन में उपमुख्यमंत्री के आवास की सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास को गंभीरता से लेते हुए भविष्य में ऐसी घटनाएं फिर से न हो इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी की गई है।
घटना के लिए उकसाने वालों पर भी कार्रवाई की मांग
जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति, संगठन या अन्य पक्ष की ओर से घटना के लिए उकसाने, सहयोग करने या संरक्षण देने की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।