| | | |

उज्जैन में आरती करते बेहोश हुए पुजारी: भीड़ और उमस से आए चक्कर; दोपहर से कर रहे थे राजसी सवारी की तैयारी

उज्जैन। भादौ के दूसरे सोमवार को बाबा महाकाल की राजसी सवारी के बाद मंदिर के सभामंडप में भगवान चंद्रमोलेश्वर की आरती के दौरान पुजारी आशीष शर्मा अचानक बेहोश हो गए।

आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत मंदिर के आकस्मिक चिकित्सा केंद्र पहुंचाया। मंदिर के डॉक्टरों ने उनका बीपी और शुगर चेक किया।

दोनों रिपोर्ट सामान्य आने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी। इसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया। फिलहाल उनकी हालत ठीक बताई जा रही है।

भारी भीड़ और उमस के कारण आए चक्कर 
जानकारी के अनुसार आशीष शर्मा दोपहर एक बजे से राजसी सवारी की तैयारियों में जुटे थे। पूरी सवारी के दौरान वे पालकी के पास मौजूद रहे। भारी भीड़ और उमस भरे मौसम के कारण संभवतः आरती के दौरान उन्हें चक्कर आ गए और वे बेहोश हो गए।

प्रजा का हाल जानने राजसी सवारी पर निकले थे महाकाल 
दरअसल, भादौ के दूसरे सोमवार को बाबा महाकाल प्रजा का हाल जानने राजसी सवारी पर निकले थे। 7 किलोमीटर लंबे सवारी मार्ग पर बाबा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। शिप्रा नदी के रामघाट पर पूजा-अर्चना के बाद सवारी वापस महाकाल मंदिर पहुंची। सवारी में बाबा महाकाल के 6 स्वरूप शामिल रहे।

Share