संजय दत्त बोले- जेल में 6 साल रहा, फिर भी मराठी नहीं सीख पाया; मंत्री के बयान पर BJP विधायक ने उठाए सवाल

मुंबई। महाराष्ट्र में मराठी भाषा को लेकर चल रही बहस के बीच अभिनेता संजय दत्त का एक बयान चर्चा में है। रविवार को ठाणे में आयोजित दही हांडी कार्यक्रम में संजय दत्त हिंदी में बात कर रहे थे। कार्यक्रम में मौजूद महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने उनसे मराठी में बोलने के लिए कहा।
संजय दत्त ने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि वह येरवडा जेल में करीब 6 साल रहे, लेकिन वहां रहते हुए भी मराठी ठीक से नहीं सीख पाए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने थोड़ी मराठी जरूर सीखी थी। उनके इस जवाब के बाद मंच पर मौजूद लोग हंसने लगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रताप सरनाईक ने कहा कि वह इन दिनों लोगों को मराठी सिखाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने संजय दत्त से भी मराठी में बात करने को कहा। इसके बाद संजय दत्त ने पहले ‘हर हर महादेव’ का नारा लगाया और फिर अपने जेल के अनुभव का जिक्र करते हुए मराठी सीखने वाली बात कही।
BJP विधायक ने मंत्री पर साधा निशाना
भाषा के मामले में अलग-अलग लोगों के लिए अलग नियम क्यों हैं।
भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता ने प्रताप सरनाईक पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर कोई अभिनेता मराठी नहीं बोल पाता तो उस पर हंसा जाता है, लेकिन दूसरी ओर ऑटो और टैक्सी चालकों से मराठी को लेकर सख्ती की जाती है।
संजय दत्त को जाते समय शख्स ने दिया धक्का
कार्यक्रम खत्म होने के बाद संजय दत्त अपनी टीम के साथ वहां से निकल रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति उनके पास से निकलते समय उन्हें धक्का देकर आगे बढ़ गया। संजय दत्त ने तुरंत उसका हाथ पकड़कर अपनी तरफ खींचा। व्यक्ति को एहसास हुआ कि उसने अभिनेता को धक्का दिया है तो उसने माफी मांग ली।
सोशल मीडिया पर भी चर्चा
संजय दत्त के मराठी भाषा वाले बयान का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस शुरू हो गई। कुछ यूजर्स ने उनके बयान का समर्थन किया, जबकि कुछ लोगों ने महाराष्ट्र में लंबे समय से रहने के बावजूद मराठी नहीं सीखने पर सवाल उठाए।
वहीं, कुछ लोगों ने इस पूरे मामले को आम लोगों, खासकर ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए भाषा से जुड़े नियमों से जोड़कर सरकार की नीति पर सवाल उठाए।