वंदना कान्वेंट और एमराल्ड हाइट्स ने बास्केटबॉल में जीत से की शुरुआत : अगले दौर में पहुंचीं टीमें

इंदौर। गुना के वंदना कान्वेंट स्कूल और इंदौर के एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने गोल्डन इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर बास्केटबॉल स्पर्धा में जीत के साथ अभियान की शुरुआत करते हुए अगले दौर में प्रवेश किया। नॉकआउट आधार पर खेली जा रही स्पर्धा में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में 114 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
एमराल्ड हाइट्स ने शिशुकुंज को हराया
अंडर-14 आयु वर्ग में गुना के वंदना कान्वेंट स्कूल ने भोपाल के डीपीएस को 36-19 अंकों से हराया जबकि इंदौर के एमराल्ड हाइट्स स्कूल ने इंदौर के ही शिशुकुंज स्कूल को 23-11 से मात दी। अंडर-17 आयु वर्ग में भोपाल के कैंपियन स्कूल की टीम ने इंदौर के लिटिल एंजिल स्कूल को 29-21 अंकों से हराया। अन्य मैच में इंदौर के एनी बेसेंट स्कूल ने उज्जैन के सेंट पॉल स्कूल को 29-15 अंकों से पराजित किया।
सेंट पॉल की आसान जीत
अंडर-19 आयु वर्ग में इंदौर के सेंट पॉल स्कूल की टीम ने सागर के दीपक मेमोरियल स्कूल की टीम को 29-11 अंकों से आसानी से पराजित किया। वहीं भोपाल के कारमल कान्वेंट स्कूल की टीम ने उज्जैन के सेंट जोसेफ स्कूल की टीम को मात देकर अगले दौर में जगह बनाई।
स्पर्धा का शुभारंभ भारतीय बास्केटबॉल संघ के महासचिव और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कुलविंदर सिंह गिल, मप्र बास्केटबॉल संघ के महासचिव अविनाश आनंद और स्कूल के निदेशक गोपाल अग्रवाल के आतिथ्य में हुआ। इस दौरान एकेडमिक डायरेक्टर ट्रेवर रोनाल्ड ब्राउन और स्पोर्ट्स डीन डगलस ब्राउन भी उपस्थित थे। इस अवसर पर स्पर्धा के पर्यवेक्षक अनुराज हार्डिया और धर्मेंद्र सिंह चंद्रावत को भी सम्मानित किया गया।