धार में स्कूल के छात्र पढ़ाई छोड़ ढो रहे थे सामान: निर्माणाधीन भवन का कर रहे काम ; शिक्षकों को नोटिस

धार। तहसील मुख्यालय स्थित शासकीय सांदीपनि विद्यालय के छात्रों से पढ़ाई के समय सामान ढुलवाने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। वीडियो में छात्र लोडिंग वाहन से सामान उतारकर निर्माणाधीन स्कूल भवन की ऊपरी मंजिल तक ले जाते नजर आ रहे हैं।
वर्तमान में सांदीपनि विद्यालय खेल परिसर मैदान स्थित उत्कृष्ट छात्रावास भवन में संचालित हो रहा है। वहीं स्कूल का नया भवन पुरानी इमारत के स्थान पर करीब 300 मीटर दूर बनाया जा रहा है। हाल ही में स्कूल का सामान लेकर एक लोडिंग वाहन यहां पहुंचा था। वायरल वीडियो में छात्र वाहन से सामान उतारकर उसे निर्माणाधीन भवन की ऊपरी मंजिल तक पहुंचाते दिखाई दे रहे हैं।
पढ़ाई के समय छात्रों से काम क्यों कराया?
वीडियो सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि अध्ययन के समय छात्र स्कूल से करीब 300 मीटर दूर निर्माणाधीन भवन तक कैसे पहुंचे और उन्हें वहां सामान उतारने की जिम्मेदारी किसने दी। स्कूल प्रबंधन की निगरानी और छात्रों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्राचार्य ने शिक्षकों को जारी किया नोटिस
मामले में संस्था प्राचार्य जब्बर सिंह पटेल ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में आ गई है। जिन शिक्षकों को विद्यार्थियों की जवाबदारी सौंपी गई थी, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संबंधित विद्यार्थियों के पालकों से भी इस मामले में चर्चा की गई है।