बड़वानी में झोपड़ी में चल रहा स्कूल: बारिश में टपकता है पानी; सालों से कर रहे बिल्डिंग की मांग

बड़वानी। ग्राम पंचायत करणपुरा के संकुल क्षेत्र दोल्जर आंबा में दो प्राथमिक स्कूल पक्के भवन के बजाय झोपड़ी में चल रहे हैं। बच्चों को 12 महीने इसी झोपड़ी में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।
पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के करणपुरा के मोक्सर फलिया और दोल्जर आंबा के प्राथमिक स्कूलों में भवन के साथ पीने के पानी और आने-जाने की सुविधा की भी समस्या है। स्कूल तक पहुंचने के लिए सड़क भी नहीं है।
कई बार की बिल्डिंग की मांग
मोक्सर फलिया की शिक्षिका अनीता डुडवे ने बताया कि वह साल 2003 से यहां पढ़ा रही हैं। शुरू से ही स्कूल झोपड़ी में ही चल रहा है। सत्र 2025-26 में स्कूल में 23 बच्चे पढ़ रहे हैं। बिल्डिंग बनाने की मांग को लेकर कई बार मौखिक और लिखित रूप से अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।

बारिश में टपकता है पानी
बारिश में झोपड़ी से पानी टपकने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। दोल्जर आंबा के पटेल संदीप डूडवे ने बताया कि ग्रामीण कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से स्कूल भवन बनवाने की मांग कर चुके हैं। उनका कहना है कि गांव के बच्चों का भी सपना है कि वे पढ़-लिखकर आगे बढ़ें, लेकिन स्कूल की स्थिति चिंता का विषय है।

कई स्कूलों की हालत खराब
डीपीसी सोनालिका अचाले ने बताया कि जिले में कई स्कूल भवनों की स्थिति खराब है और कुछ स्कूल झोपड़ियों में भी संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2026-27 की वार्षिक योजना में भवन निर्माण के प्रस्ताव भेजे गए हैं। जिले के 89 जर्जर स्कूल भवनों के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद भवन निर्माण का काम शुरू किया जाएगा।