|

श्रीनगर में खंभे से टकराया इंडिगो प्लेन: पार्किंग में जा रहा था; मुंबई से आया था विमान

श्रीनगर। एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह पार्किंग के दौरान इंडिगो का विमान 6E 225 (VT-NOG) खंभे से टकरा गया।

विमान नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंचा था और सुबह 9 बजे बे नंबर-6 पर पार्क किया जा रहा था। हादसे में विमान में सवार सभी 200 यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

कारणों की जांच शुरू
घटना के बाद यात्रियों और क्रू को मैनुअल एयरक्राफ्ट सीढ़ियों की मदद से विमान से सुरक्षित उतारा गया। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल श्रीनगर एयरपोर्ट का संचालन सामान्य है और सभी उड़ानें निर्धारित समय के अनुसार चल रही हैं।

VDGS का हिस्सा है खंभा
जिस खंभे से विमान टकराया, वह विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) का हिस्सा है। यह सिस्टम विमान को पार्किंग बे में सही दिशा और निर्धारित स्थान पर लाने में मदद करता है।

यह हो सकती है हादसे की वजह  
विमान के खंभे से टकराने की संभावित वजहों में पार्किंग के दौरान विमान का सेंटरलाइन से हटना, VDGS के संकेत को सही तरीके से फॉलो न कर पाना, खराब मौसम या कम विजिबिलिटी, VDGS में तकनीकी खराबी और विमान की गति या ब्रेकिंग में गड़बड़ी शामिल हो सकती है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Share