| | |

धार में ज्वेलरी शॉप के नौकर ने चोरी किया सोना : CCTV से मिल सबूत; दोस्त को बेचता था गहने

धार। शहर के जवाहर मार्ग आनंद चौपाटी क्षेत्र स्थित वल्लभा ज्वेलर्स में चोरी हो गई । दुकान में साढ़े चार साल से काम कर रहे एक कर्मचारी ने ही तिजोरी से सोने के जेवर पार कर दिए।

चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। संचालक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी नौकर और चोरी का माल खरीदने वाले उसके साथी के खिलाफ शिकीयत दाढ़ कर ली है।

पसंद किया जेवर जब ग्राहक लेने पहुंचा, तब हुआ शक
फरियादी कमल गुप्ता पिता चिमनलाल गुप्ता और बेटे हर्ष ने बताया कि ग्राम नवासा तिरला निवासी अरविंद पिता कालू उनकी दुकान पर लगभग साढ़े चार साल से काम कर रहा था। लंबे समय से काम करने और अच्छे व्यवहार के कारण उस पर परिवार जैसा भरोसा था। दुकान के स्ट्रॉन्ग रूम जहां सोने, चांदी और नकदी की तीन तिजोरियां हैं उसकी चाबियां भी अरविंद के पास ही रहती थीं।

जेवर देने के लिए खोला डब्बा तो गहने गायब 
26 अगस्त को दोपहर 1 बजकर 22 मिनट पर एक ग्राहक को जेवर दिखाने के लिए अरविंद को स्ट्रॉन्ग रूम से माल लाने भेजा गया था। ग्राहक ने जेवर पसंद किया और दो दिन बाद आकर ले जाने की बात कही। 2 सितंबर को जब ग्राहक दोबारा जेवर लेने आया और डिब्बा खोला गया, तो उसमें से सोने के गहने गायब थे।

CCTV खंगाला तो जेब में जेवर रखते दिखा
शुरुआत में आपसी तालमेल की कमी के कारण संचालकों को लगा कि शायद परिवार के ही किसी सदस्य ने जेवर बेच दिया होगा। लेकिन जब शंका गहराने पर 3 सितंबर की रात सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की गई, तो सच सामने आ गया। फुटेज में 26 अगस्त की दोपहर अरविंद स्ट्रॉन्ग रूम की तिजोरी से जेवर निकालकर अपनी जेब में रखता हुआ साफ दिखाई दिया।

साथी आर्यन को बेचता था चुराया हुआ सोना
संचालकों ने जब अरविंद को बुलाकर पूछताछ की तो पहले वह मुकरता रहा, लेकिन सीसीटीवी फुटेज सामने रखते ही उसने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चुराया गया सोना अपने साथी आर्यन पिता रामचंद्र निवासी धार को बेचा है।

पूरे स्टॉक की हो रही जांच
दुकान संचालक दोनों आरोपियों को लेकर तत्काल कोतवाली थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी नौकर अरविंद और माल खपाने वाले आर्यन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 306, 316 एवं 317 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फरियादी पक्ष के अनुसार दुकान के संपूर्ण स्टॉक का मिलान किया जा रहा है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि आरोपी ने पहले भी कोई माल चोरी तो नहीं किया है।

Share