|

झाबुआ में अतिक्रमण हटाओ अभियान: सड़क किनारे से गुमटियां-ठेले हटाए; जाम से मिलेगी राहत

झाबुआ। शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने अतिक्रमण की कार्रवाई की। SDM महेश मंडलोई के नेतृत्व में प्रशासनिक अमले ने विजय स्तंभ से छतरी चौक तक सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को हटाया।

अतिक्रमण हटाओ अभियान में नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई गुमटियों, हाथ ठेलों और अन्य अस्थायी कब्जों को हटाया।  मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।

अतिक्रमण से संकरी हो गई थी सड़क
विजय स्तंभ से छतरी चौक तक का मार्ग शहर के प्रमुख रास्तों में शामिल है। लंबे समय से सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण होने के कारण सड़क काफी संकरी हो गई थी। इससे दिनभर जाम की स्थिति बनती थी। पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

प्रशासन की कार्रवाई के बाद सड़क के दोनों किनारे खाली हो गए हैं। अतिक्रमण हटने के बाद अब मार्ग पहले की तुलना में काफी चौड़ा और व्यवस्थित नजर आ रहा है। इससे यातायात सुचारू होने और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।

हादसों का खतरा भी होगा कम
संकरी सड़क और सड़क किनारे खड़े हाथ ठेले व गुमटियों के कारण वाहनों के निकलने में परेशानी होती थी। कई बार राहगीरों और वाहन चालकों के बीच टकराव की स्थिति भी बन जाती थी। अतिक्रमण हटने के बाद दुर्घटनाओं का खतरा कम होने की उम्मीद है।

स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई को राहत देने वाला कदम बताया है। लोगों का कहना है कि सड़क खुलने से आवागमन आसान होगा और जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी।

दोबारा अतिक्रमण किया तो कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट हिदायत दी है कि कार्रवाई के बाद दोबारा सड़क किनारे अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share