धार में 24 घंटे में पुलिस ने आरोपी को ढूंढा: नाबालिक का अपहरण और रेप किया था; बयान के बाद हुई कार्रवाई
धार। अपहरण के एक मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सिर्फ 24 घंटे में नाबालिग अपहृता को ढूंढ लिया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता के कथनों के आधार पर प्रकरण में दुष्कर्म तथा पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं। थाना मनावर में अपराध क्रमांक 536/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक धार के निर्देशन में जिलेभर में नाबालिग बालिकाओं से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में मनावर पुलिस टीम ने तकनीकी व मैदानी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अपहृता को खोज निकाला।
बहला-फुसलाकर ले गया था आरोपी
इसके बाद महिला अधिकारी के माध्यम से नाबालिग का बयान दर्ज किया गया। पीड़िता ने अपने बयानों में बताया कि आरोपी चिमु उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ गलत काम किया। जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने फौरन मामले की धाराओं में इजाफा करते हुए दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की प्रासंगिक धाराएं शामिल कीं।
पुलिस की त्वरित दबिश, आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धार के मार्गदर्शन और एसडीओपी मनावर व थाना प्रभारी मनावर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। चौकी सिंघाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दबिश दी और आरोपी चिमु पिता मुन्ना डोडवा (निवासी- धूलसर, थाना कुक्षी) को घटना के 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया।
इन लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी मनावर राजेश यादव, चौकी प्रभारी सिंघाना उनि सुशील यदुवंशी, उनि आशुतोष जोशी, सउनि सुखदेव अलावे, आरक्षक सुनील भूरिया तथा साइबर सेल के आरक्षक प्रशांत एवं शुभम की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।