| | |

बामनिया में हनुमानजी के पांव से चांदी के कड़े चोरी : पुजारी ने सबसे पहले देखा; 300 ग्राम था वजन

बामनिया। पेटलावद रोड स्थित श्री मंशापूर्ण खेड़ापति हनुमान मंदिर में चोरी हो गई। अज्ञात बदमाश ने हनुमानजी की प्रतिमा के दोनों पैरों में पहने हुए 300 ग्राम वजनी चांदी के कड़े निकालकर ले गए।

रात में गायब हुए कड़े 
चोरी कब हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। मंदिर समिति से जुड़े ओम गेहलोत ने बताया कि मंगलवार को 1.30 बजे हनुमानजी को चोला चढ़ाया गया था उस दौरान उनके पैर में कड़े मौजूद थे। लेकिन रात में सुंदरकांड में पैर में कड़े नजर नहीं आए।

पुजारी ने सबसे पहले देखा 
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह जब मंदिर के पुजारी की नजर हनुमानजी की प्रतिमा पर गई तो पैरों से चांदी के कड़े गायब मिले। इसके बाद मंदिर समिति के सदस्यों को घटना की जानकारी दी गई। मंदिर समिति सदस्यों ने पुलिस चौकी पर आवेदन दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में नाराजगी
घटना सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस से मामले की जांच कर अज्ञात बदमाशों का पता लगाने और चोरी गए चांदी के कड़े बरामद करने की मांग की है।

पैसों की डिब्बी भी गायब 
मंदिर पुजारी कैलाश तिवारी ने बताया कि आज सुबह 6 बजे मैंने मंदिर खोलकर साफ-सफाई की। नहाकर आने के बाद मैंने मूर्ति को देखा तो हनुमान जी का चोला खुला हुआ लग रहा था। तब मेरी नजर उनके चरणों में गई और देखा तो कड़े गायब। हनुमान जी के पास रखी पैसों की डिब्बी भी गायब थी। तब मैंने तुंरत सबको फोन लगाकर चोरी की बात बताई ।

Share