|

झाबुआ में केले से भरी पिकअप पलटी: पोल से टकराकर मकान के बाहर रुकी; JCB की मदद से ड्राइवर का रेस्क्यू

झाबुआ। रायपुरिया में पेटलावद मार्ग पर सोमवार रात साढ़े 9 बजे एक सड़क हादसा हो गया। अंधे मोड़ के पास केले से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। पलटने के बाद वाहन सड़क पर काफी दूर तक घिसटता हुआ गया और लोहे के बिजली पोल से टकराने के बाद पास के एक मकान के बाहर जाकर रुक गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के बाद पिकअप का चालक वाहन के अंदर ही फंस गया था।

 JCB मदद से किया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही रायपुरिया पुलिस मौके पर पहुंची। चालक को वाहन से बाहर निकालने के लिए तत्काल जेसीबी बुलवाई गई। पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

डायल-112 की मदद से अस्पताल भेजा
रेस्क्यू के बाद घायल चालक को डायल-112 की मदद से इलाज के लिए पेटलावद चिकित्सालय भेजा गया। हादसे में पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन केले लेकर जा रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और आगे की कार्रवाई शुरू की।

Share