हाटपिपलिया में संत रविदास आश्रम पहुंची कलश वंदन यात्रा: समाजजनों ने की महाआरती; समरसता का दिया संदेश

हाटपिपलिया। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा के ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा हाटपिपलिया स्थित संत रविदास आश्रम पहुंची। यहां समाजजनों, श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया।
जयकारों से गूंजा आश्रम परिसर
यात्रा के आश्रम पहुंचने पर ‘जय गुरुदेव’, ‘जय रविदास’ और ‘भारत माता की जय’ के जयकारे लगाए गए। इसके बाद संत रविदास महाराज के चित्र और प्रतिमा का पूजन किया गया। समाजजनों और महिलाओं ने महाआरती कर संत रविदास जी को नमन किया।

सामाजिक समानता का दिया संदेश
कार्यक्रम में समरसता सभा भी हुई। वक्ताओं ने संत रविदास महाराज के विचारों और सामाजिक समानता के संदेश को याद किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, रविदास समाज के लोग, महिलाएं, युवा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।