|

झाबुआ में गायत्री परिवार का वृक्ष गंगा अभियान शुरू: 6 सितंबर को होगा पौधरोपण महायज्ञ; सामाजिक संगठनों को किया आमंत्रित

झाबुआ। अखिल विश्व गायत्री परिवार के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए पेटलावद में ‘वृक्ष गंगा अभियान’ शुरू किया गया है। अभियान के तहत 6 सितंबर को ‘गायत्री उपवन पौधरोपण महायज्ञ’ आयोजित किया जाएगा।

सामाजिक और धार्मिक संगठनों से किया संपर्क
29 अगस्त से शुरू हुए अभियान की शुरुआत मां गायत्री, परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और वंदनीया माताजी भगवती देवी शर्मा के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित कर की गई। इसके बाद पौधरोपण महायज्ञ को लेकर नगर में जनसंपर्क अभियान शुरू किया गया।

गायत्री परिवार के सदस्य पेटलावद के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सेवा संगठनों के पदाधिकारियों से मुलाकात कर रहे हैं। उन्हें परिवार के साथ कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है।

पौधा लगाने के साथ संरक्षण का संकल्प
अभियान के जरिए लोगों को पौधरोपण के साथ उसके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का संदेश दिया जा रहा है। गायत्री परिवार ने अधिक से अधिक लोगों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

अभियान का संदेश “एक वृक्ष, एक जीवन, एक संकल्प, हरित भविष्य” रखा गया है। आयोजकों का कहना है कि पौधरोपण को जन-अभियान बनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और स्वस्थ वातावरण तैयार करना है।

Share