देवास के गोदाम में लगी आग: LCD, कॉपर केबल और पाइप जलकर खाक; 2 करोड़ तक नुकसान

हाटपिपलिया (देवास)। वार्ड क्रमांक 11 स्थित इलेक्ट्रॉनिक और पाइप गोदाम में रविवार दोपहर करीब 3 बजे भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की लपटें देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
LCD, कॉपर केबल और पाइप जले
गोदाम में बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक और अन्य सामान रखा था। आग में एलसीडी, केबल तार के कॉपर बंडल, पानी की टंकियां और पाइप जल गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार गोदाम मालिक को करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। आग से गोदाम में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

हाटपिपलिया और करनावद से पहुंचीं दमकल
आग की सूचना मिलते ही प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भीषणता को देखते हुए हाटपिपलिया के साथ करनावद से भी दमकल वाहन बुलाए गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत की। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
गोदाम के अंदर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी खड़ी थी। बताया जा रहा है कि यदि आग बुझाने में कुछ मिनट की और देरी होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। समय रहते आग पर काबू पाने से आसपास के क्षेत्र में बड़ा हादसा टल गया।
पीड़ित परिवार कर रहा मुआवजे की मांग
घटना के बाद पटवारी और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। पीड़ित परिवार और क्षेत्रवासियों ने नुकसान को देखते हुए उचित मुआवजे की मांग की है। इस संबंध में तहसील कार्यालय में ज्ञापन देकर क्षतिपूर्ति की मांग किए जाने की बात कही गई है।