झाबुआ में भाजपा नेता के घर चोरी: दो वाहन ले गए चोर; FIR में 16 घंटे और मौके पर पहुंचने में पुलिस को लगे 40 घंटे

झाबुआ। राणापुर में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अरुण राठौड़ के घर के आंगन से दो वाहन चोरी होने के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। चोरी 28 और 29 अगस्त की दरमियानी रात हुई थी। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक वारदात रात करीब 2:25 बजे हुई।
गश्त पॉइंट के पास से चोरी
चोरी कालिका माता मंदिर रोड स्थित छायन रोड पर अरुण राठौड़ के घर में हुई। बताया गया कि इसी इलाके में पुलिस का नियमित गश्त पॉइंट भी है। इसके बावजूद चोर दो वाहन लेकर फरार हो गए। चोरी के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें वारदात का समय सामने आया। मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं।

सूचना के 16 घंटे बाद दर्ज हुई FIR
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक थाने में घटना की सूचना 29 अगस्त को शाम 7:15 बजे दर्ज हुई। इसके करीब 15 मिनट बाद शाम 7:30 बजे FIR दर्ज की गई। यानी चोरी के करीब 16 घंटे बाद मामला दर्ज हुआ।
FIR के अगले दिन पहुंची पुलिस
FIR दर्ज होने के बाद भी पुलिस मौके पर तुरंत नहीं पहुंची। पुलिस टीम 30 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची। यहां पंचनामा बनाया गया और बयान दर्ज किए गए।इस तरह चोरी की घटना से पुलिस के मौके पर पहुंचने तक करीब 40 घंटे का समय बीत गया। भाजपा मंडल उपाध्यक्ष के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस की इस देरी को लेकर अब कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।