सेंधवा में GNM छात्रों का धरना: 6 साल में भी 3 साल का नर्सिंग कोर्स पूरा नहीं; एडमिट कार्ड नहीं मिलने पर कॉलेज गेट पर प्रदर्शन

सेंधवा। जीएनएम नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने एडमिट कार्ड नहीं मिलने पर कॉलेज गेट के सामने धरना दिया। पिछले दो दिनों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि तीन साल का नर्सिंग कोर्स छह साल बीतने के बाद भी पूरा नहीं हुआ है। इससे उनका भविष्य अधर में है।
2020 में लिया था प्रवेश, अंतिम वर्ष की परीक्षा अब तक नहीं
विद्यार्थियों के मुताबिक, उन्होंने वर्ष 2020 में जीएनएम नर्सिंग के तीन वर्षीय पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया था। प्रथम और द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं हो चुकी हैं, लेकिन अंतिम वर्ष की परीक्षा करीब तीन साल से नहीं हुई है।
अन्य कॉलेजों की परीक्षाएं 31 अगस्त से शुरू हो रही हैं और वहां के विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड भी मिल चुके हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि उन्हें हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देकर परीक्षा और एडमिट कार्ड से वंचित रखा जा रहा है।

136 कॉलेजों की परीक्षाएं रुकीं
सामाजिक कार्यकर्ता गजानन ब्राह्मण ने कहा कि छह साल बाद भी डिग्री पूरी नहीं होने से विद्यार्थियों को सरकारी भर्तियों में अवसर मिलने में परेशानी हो सकती है। कॉलेज प्रबंधन के सदस्य मोहन जोशी ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के चलते 136 कॉलेजों की परीक्षाएं रोकी गई हैं। छात्रों की परीक्षा कराने के लिए न्यायालय में याचिका दायर की गई है। अब विद्यार्थियों की नजर 2 सितंबर को होने वाली हाईकोर्ट की सुनवाई पर है। छात्रों को उम्मीद है कि सुनवाई में परीक्षा कराने को लेकर राहत मिल सकती है।