इंदौर में 103 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी ने रोपा पौधा: 75वें वर्ष पर ‘शरदामृत’; डॉ. शरद पंडित ने लगाए 75 पौधे

इंदौर। डॉ. शरद पंडित 75वां वर्ष के हो गए है। इस अवसर पर परिवार और मित्रों की ओर से ‘शरदामृत’ कार्यक्रम आयोजित किया। रविवार को ग्राम पिवडाय में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का आयोजन आशादीप सेवा प्रकल्प ट्रस्ट के अंतर्गत किया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण रहवासी शामिल हुए। ग्राम सरपंच श्रीमती रचना माखन गोखले भी परिवार सहित मौजूद रहीं।

103 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी ने रोपा पौधा
कार्यक्रम में 103 वर्षीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नरेंद्र सिंह तोमर ने भी पौधा रोपा। उनके हाथों पौधरोपण ने कार्यक्रम को खास बना दिया। डॉ. शरद पंडित, उनके परिवार और मित्रों ने कुल 75 पौधे लगाए। इन पौधों के रखरखाव का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और युवाओं ने खेलकूद में हिस्सा लिया। वरिष्ठजनों ने ग्रामीण परिवेश में पारंपरिक भोजन का आनंद लिया। मेहमानों को भी 75 पौधे स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट किए गए।

स्वास्थ्य सेवाओं के साथ समाजसेवा भी
आशादीप सेवा प्रकल्प ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. शरद पंडित ने बताया कि ट्रस्ट स्वास्थ्य सेवाओं के साथ समाजसेवा के काम भी करता है। ट्रस्ट की स्थापना वर्ष 2000 में हुई थी। ट्रस्ट की ओर से गरीब मरीजों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाता है। स्कूली छात्रों के स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया जाता है।
जरूरतमंद लोगों के लिए अन्नक्षेत्र भी संचालित किया जा रहा है। डॉ. पंडित के अनुसार, पिछले 26 वर्षों से ट्रस्ट का सेवा कार्य लगातार जारी है। शहर के डॉक्टर, समाजसेवी और उद्योगपति भी ट्रस्ट से जुड़े हुए हैं।

‘शरदामृत’ नाम से होंगे आयोजन
डॉ. शरद पंडित के 75 वर्ष पूरे होने पर परिवार और मित्रों ने इस वर्ष के कार्यक्रमों को ‘शरदामृत’ नाम दिया है। इसके जरिए उनके जीवन और समाजसेवा की यात्रा को याद किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना भी है।