धार में खाद्य विभाग की कार्रवाई: अलग-अलग तहसीलों में दुकानों से लिए खाद्य पदार्थों के सैंपल; बिना पंजीयन कारोबार वालों पर केस

धार। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले में खाद्य विभाग ने अलग-अलग तहसीलों में कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कई दुकानों और डेयरियों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए। बिना खाद्य पंजीकरण कारोबार करते मिले दुकानदारों के खिलाफ प्रकरण भी बनाए गए।
गंधवानी में बेसन, पनीर और मावा के सैंपल लिए
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष खेड़कर और संयुक्त दल ने गंधवानी तहसील में कार्रवाई की। सदर बाजार स्थित नितेश कुमार ज्ञानचंद जैन की फर्म से आदित्य बेसन का सैंपल लिया गया।मां अन्नपूर्णा दूध डेयरी से पनीर और मावा के सैंपल लिए गए। प्रीति दूध डेयरी से पनीर का सैंपल लिया गया। यहां बिना खाद्य पंजीकरण के कारोबार करने पर प्रकरण बनाया गया। राजेश टी स्टॉल से पनीर और पूजा ट्रेडर्स से साबूदाना का सैंपल लिया गया।

कुक्षी में उपभोक्ताओं को मिलावट के बारे में बताया
कुक्षी तहसील में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरजी मऊटा और संयुक्त दल ने कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इसमें ग्वाला डेयरी उत्पाद, शिवाय स्वीट्स एंड डेयरी, श्री कृपा स्वीट्स एंड डेयरी, ज्योति सेल्स एजेंसी और बाग स्थित हरी नमकीन शामिल रहे। मौके पर चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भी पहुंची। आम लोगों की मौजूदगी में खाद्य पदार्थों की जांच की गई। उपभोक्ताओं को मिलावट से बचने के तरीके भी बताए गए।

मनावर में बिना पंजीयन कारोबार पर कार्रवाई
मनावर में ए एंड ए हॉस्पिटैलिटी सर्विसेज से मां भगवती बेसन का सैंपल लिया गया। मां कृपा ट्रेडर्स से हल्दी और लाल मिर्च पाउडर के सैंपल लिए गए। उस्मान कुरैशी मटन शॉप का निरीक्षण किया गया। यहां खाद्य पंजीयन नहीं होने पर प्रकरण बनाया गया। मीनाक्षी आइसक्रीम पार्लर से महालक्ष्मी आइसक्रीम केसर पिस्ता कुल्फी का सैंपल लिया गया।
यहां भी बिना खाद्य पंजीकरण के कारोबार करने पर प्रकरण बनाया गया। योगमाया दूध डेयरी बालीपुर से भैंस के दूध का सैंपल लिया गया। बिना पंजीकरण के कारोबार करने पर प्रकरण बनाया गया। श्री गुरुकृपा दूध डेयरी एंड किराना से मिक्स मिल्क का सैंपल लिया गया और पंजीयन नहीं होने पर कार्रवाई की गई।
डही और बदनावर में भी लिए सैंपल
डही में बाबजी किराना से घी, हुसैन ट्रेडर्स से हल्दी पाउडर, दीपक किराना से हल्दी पाउडर और सतगुरु किराना से सोयाबीन तेल का सैंपल लिया गया। सिद्धि विनायक एवरफ्रेश का भी निरीक्षण किया गया। बदनावर में जैन रेस्टोरेंट से मावा, केशव स्वीट्स से घेवर और श्री रामकृपा स्वीट्स एंड दूध डेयरी से पनीर का सैंपल लिया गया। सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।