झाबुआ में ईद पर जुलूस रोककर एंबुलेंस को दिया रास्ता: युवाओं ने तुरंत रास्ता खाली करने में की मदद; वायरल हुआ वीडियो

झाबुआ। ईद-ए-मिलादुन्नबी के मौके पर थांदला में मुस्लिम समाज ने इंसानियत और भाईचारे की मिसाल पेश की। बुधवार को नगर में ईद-ए-मिलादुन्नबी का भव्य जुलूस निकाला जा रहा था। इसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस के दौरान अचानक एक एंबुलेंस वहां पहुंची। एंबुलेंस में मरीज होने की जानकारी मिलते ही जुलूस में शामिल युवाओं ने तुरंत रास्ता खाली कर दिया।
जुलूस को एक तरफ रोका
एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए जुलूस को कुछ देर के लिए एक तरफ रोक दिया गया। जुलूस में शामिल लोग शांतिपूर्वक सड़क के किनारे खड़े रहे। एंबुलेंस के सुरक्षित निकलने तक किसी ने भी आगे बढ़ने की जल्दबाजी नहीं की। जैसे ही एंबुलेंस वहां से निकल गई, जुलूस फिर से आगे बढ़ा। इस दौरान लोग नात-ए-पाक पढ़ते हुए आगे बढ़ते रहे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में जुलूस में शामिल लोगों को एंबुलेंस के लिए रास्ता देते हुए देखा जा सकता है। इस पहल की नगर में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि त्योहार सिर्फ खुशी मनाने का मौका नहीं होते। ये इंसानियत और भाईचारे का संदेश भी देते हैं। थांदला में मुस्लिम समाज की इस पहल ने इसी संदेश को सामने रखा है।