इंदौर। लसूडिया थाना क्षेत्र की द एक्सोटिका टाउनशिप में बुधवार रात एक युवक ने चौकीदार को कार से कुचल दिया। गंभीर रूपसे घायल चौकीदार को परिजन कोकिलाबेन अस्पताल लेकर पहुंचे।
इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना में उसकी पत्नी भी घायल हो गई है। पुलिस आरोपी कार चालक राजा कुमावत की तलाश कर रही है।
चौकीदार ने अंदर जाने से रोका
घटना टाउनशिप के गेट पर रात 10 बजे हुई। चौकीदार धर्मेंद्र ने अंधेरे में खड़ी कार और उसमें बैठे युवक-युवती को रोककर पूछताछ की। जानकारी के अनुसार दोनों शराब पीकर आए थे। चौकीदार ने उन्हें टाउनशिप के अंदर नहीं जाने दिया। जिस पर विवाद शुरू हो गया।
पहले थप्पड़ मारा, फिर धक्का देकर नीचे गिराया
विवाद बढ़ने पर कार में बैठा युवक बाहर आया और धर्मेंद्र के साथ मारपीट की। आरोप है कि युवक ने चौकीदार को थप्पड़ मारा और धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद आरोपी वापस कार में बैठा और धर्मेंद्र के ऊपर कार चढ़ा दी।
पत्नी भी घायल, इलाज के दौरान धर्मेंद्र की मौत
घटना में धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके परिजन कोकिलाबेन अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना में धर्मेंद्र की पत्नी भी घायल हुई है। मृतक मूल रूप से राजूर का रहने वाला है। चार साल से द एक्सोटिका टाउनशिप में चौकीदारी कर रहा था।
आरोपी की तलाश में घर पर दबिश
घटना के बाद आरोपी राजा कुमावत कार लेकर मौके से फरार हो गया। लसूडिया पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी को पकड़ने के लिए उसके घर पर भी दबिश दी गई। पुलिस कार चालक और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।