इंदौर में पायलट गाड़ी ने टू-व्हीलर को मारी टक्कर: BJP के VIP मूवमेंट के दौरान हादसा; 2 घायल

इंदौर। कालानी नगर चौराहे पर बुधवार रात भाजपा के वीआईपी मूवमेंट के दौरान तेज गति से आ रही पायलट गाड़ी और दोपहिया वाहन की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए बांठिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि घटना का समय और कारकेड के निकलने का समय लगभग एक ही है। हालांकि, हादसा किस वाहन से हुआ और उस समय कौन-सी गाड़ी किस स्थान पर थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
पायलट गाड़ी की टू व्हीलर से टक्कर
बुधवार रात 7-8 वाहनों का काफिला बड़ा गणपति की ओर से कालानी नगर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान काफिले की पायलट गाड़ी की टू व्हीलर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी पर बैठे दो लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
हादसे की तस्वीरें..




शराब पीकर चला रहे थे गाड़ी
दोनों बाइक सवारों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस को दिए बयान में दोनों ने बताया कि वे घर से शराब पीकर निकले थे और रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। शुरुआत में हादसे को वीआईपी मूवमेंट में शामिल किसी वाहन से टक्कर से जोड़कर देखा जा रहा था। हालांकि, घायल बाइक सवारों का कहना है कि उन्हें खुद नहीं पता कि उनकी बाइक को किस वाहन ने टक्कर मारी।
जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
एसीपी अशोक जादौन ने बताया कि एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में एक्सीडेंट की घटना हुई है। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें बांठिया अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि घटना के समय और कारकेड के निकलने का समय लगभग बराबर सामने आ रहा है। कौन-सी गाड़ी कहां लगी हुई थी और किस दिशा में जा रही थी, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।