| | |

राष्ट्रीय महामंत्री पटेल और मंत्री कविता का इंदौर में जोरदार स्वागत: बारिश के बीच हजारों कार्यकर्ता जुटे

इंदौर। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद खरगोन सांसद गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री बनाए जाने के बाद मंगलवार को दोनों पहली बार इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक बारिश के बीच हजारों कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह मंच लगाकर पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर स्वागत किया।

एयरपोर्ट पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़ सहित भाजपा नेताओं ने दोनों का स्वागत किया। इसके बाद एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक विधानसभा वार कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

प्रतिकूल परिस्थितियों में खड़ा रहना भाजपा कार्यकर्ता की पहचान
भाजपा कार्यालय पर आयोजित सम्मान समारोह में कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भारी बारिश के बावजूद एक भी कार्यकर्ता नहीं डिगा। यही भाजपा कार्यकर्ता की मजबूती है। अनुकूल समय में सभी खड़े होते हैं, लेकिन प्रतिकूल परिस्थितियों में जो संगठन के साथ खड़ा रहे, वही सच्चा कार्यकर्ता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसा दल है, जहां कार्यकर्ता की क्षमता के अनुसार उसे दायित्व दिया जाता है। गजेंद्र पटेल और कविता पाटीदार ने संगठन की ओर से मिली जिम्मेदारियों को मेहनत और ईमानदारी से निभाया है।

मालवा-निमाड़ में संगठन को और मजबूत करेंगे : पटेल
गजेंद्र पटेल ने कहा कि मां अहिल्या की नगरी में कार्यकर्ताओं का स्नेह देखकर वे अभिभूत हैं। इंदौर और मालवा-निमाड़ के विकास के साथ कार्यकर्ताओं से जुड़े विषय उनकी प्राथमिकता में रहेंगे। राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी को कार्यकर्ता भाव से निभाते हुए क्षेत्र में संगठन को और मजबूत करने का प्रयास करेंगे।

विकसित भारत के संकल्प को पूरा करेंगे : कविता
कविता पाटीदार ने कहा कि इंदौर संगठन को वरिष्ठ नेताओं ने वर्षों की मेहनत से मजबूत किया है। आज उन्हें और इंदौर को मिला सम्मान उन्हीं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इंदौर के सम्मान को बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी मिलकर प्रयास करेंगे।

नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि भाजपा में छोटे कार्यकर्ता को भी बड़ी जिम्मेदारी मिलती है। दोनों नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिलना पूरे मालवा-निमाड़ के लिए गौरव की बात है।

Share