इंडिगो फ्लाइट में यात्री को पड़ा मिर्गी का दौरा; दिल्ली से इंदौर आ रही थी; लैंडिंग के बाद अस्पताल भेजा

इंदौर। दिल्ली से इंदौर आ रही इंडिगो की फ्लाइट में मंगलवार सुबह एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उड़ान के दौरान पुरुष यात्री को मिर्गी का दौरा पड़ने पर केबिन क्रू ने तुरंत स्थिति संभाली और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को मेडिकल इमरजेंसी की सूचना दी।
इसके बाद इंदौर एयरपोर्ट पर मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया गया। जानकारी के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट 6E 649 दिल्ली से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। सफर के दौरान एक पुरुष यात्री की अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे मिर्गी का दौरा पड़ने के बाद क्रू मेंबर्स ने तत्काल प्राथमिक स्तर पर स्थिति संभाली और पायलट के माध्यम से इंदौर ATC को सूचना दी।
मेडिकल इमरजेंसी की सूचना मिलते ही देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मेडिकल टीम को तैयार रखा गया। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे फ्लाइट के इंदौर पहुंचते ही डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ सक्रिय हो गया। विमान के रुकने के बाद यात्री को व्हीलचेयर की मदद से उतारा गया और एयरपोर्ट परिसर स्थित मेडिकल रूम में ले जाया गया।

प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल भेजा
मेडिकल रूम में डॉक्टरों ने यात्री की जांच कर जरूरी प्राथमिक उपचार दिया। स्थिति स्थिर करने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद अमलतास एंबुलेंस से यात्री को बांठिया हॉस्पिटल भेजा गया। अस्पताल ले जाने और भर्ती की प्रक्रिया के दौरान इंडिगो का ग्राउंड स्टाफ भी मौके पर मौजूद रहा।