| | |

इंदौर में गोरिल्ला बना ट्रैफिक पुलिस: हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने का संदेश दिया; बुजुर्गों को सड़क पार कराई

इंदौर। आज पलासिया चौराहे पर गोरिल्ला कैरेक्टर पहुंचा और ट्रैफिक संभाला। उसने अपने अलग और आकर्षक अंदाज में वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।

गोरिल्ला को देखकर वाहन चालक भी उत्साहित नजर आए। उन्होंने यातायात नियमों से जुड़ी अपनी गलतियों को समझा और उन्हें सुधारते भी दिखाई दिए।

एडिशनल डीसीपी क्राइम, यातायात पुलिस और एनसीसी कैडेट्स की मौजूदगी में चलाए गए इस जागरूकता अभियान में गोरिल्ला कैरेक्टर लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।

जेब्रा क्रॉसिंग पर खड़े वाहन चालकों को समझाए नियम
अभियान के दौरान जेब्रा क्रॉसिंग पर वाहन खड़े करने वाले चालकों को गोरिल्ला कैरेक्टर ने अनोखे अंदाज में समझाया कि यह जगह पैदल यात्रियों के सड़क पार करने के लिए होती है। समझाने के बाद वाहन चालकों ने तुरंत अपने वाहन स्टॉप लाइन के पीछे कर लिए। इसी तरह रॉन्ग साइड से आने वाले वाहन चालकों को भी सही दिशा में चलने का संदेश दिया गया। गोरिल्ला को देखकर कई चालकों ने तुरंत अपने वाहन सही दिशा में मोड़ लिए।

पैदल यात्रियों और बुजुर्गों की मदद की
गोरिल्ला कैरेक्टर ने पैदल यात्रियों और बुजुर्गों को सुरक्षित सड़क पार कराने में मदद की। साथ ही चौराहे पर यातायात संभालने में भी सहयोग किया और इशारों से लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
हेलमेट और सीट बेल्ट पहनने की अपील
गोरिल्ला ने वाहन चालकों को इशारे से दोपहिया चलाते समय हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाने का संदेश दिया। इस अनोखे अभियान ने बच्चों, पैदल यात्रियों और वाहन चालकों का ध्यान आकर्षित किया।
Share