UCC के विरोध में जोबट मुस्लिम समाज ने सौंपा ज्ञापन: राष्ट्रपति से विधेयक के प्रावधानों पर पुनर्विचार की मांग; आंदोलन की चेतावनी

जोबट। मध्यप्रदेश विधानसभा में पारित समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक-2026 के विरोध में शुक्रवार को जोबट मुस्लिम समाज ने राष्ट्रपति के नाम SDM कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। शहर काजी सैय्यद अनवारुल हसन के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी मनोज गरवाल को दिया गया। इस दौरान मुस्लिम समाज के सदर अख्तर बाबूजी सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
धर्म के पालन को लेकर दंडात्मक प्रावधान का विरोध
ज्ञापन का वाचन एडवोकेट केसर जावेद खान ने किया। समाज की ओर से कहा गया कि UCC विधेयक में धर्म के पालन को लेकर दंडात्मक प्रावधान किए गए हैं, जबकि कस्टम को अपवाद की श्रेणी में रखा गया है। समाजजनों ने संविधान के अनुच्छेद 25 का हवाला देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी अंतरात्मा के अनुसार धर्म को मानने, पालन करने और प्रचार करने की स्वतंत्रता प्राप्त है।
ज्ञापन में धार्मिक संप्रदायों को अपने धार्मिक मामलों का प्रबंधन करने तथा धार्मिक संस्थाएं स्थापित करने के संवैधानिक अधिकार का भी उल्लेख किया गया। समाजजनों ने आशंका जताई कि प्रस्तावित कानून के प्रावधानों से मुस्लिम समाज के पर्सनल लॉ और धार्मिक स्वतंत्रता प्रभावित हो सकती है। इसे लेकर समाज में रोष होने की बात कही गई।

पुनर्विचार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
मुस्लिम समाज ने राष्ट्रपति से यूसीसी विधेयक के प्रावधानों पर पुनर्विचार करने और आवश्यक बदलाव किए जाने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि यदि कानून में आवश्यक बदलाव कर विधेयक पर पुनः विचार नहीं किया गया तो प्रदेश का मुस्लिम समाज चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। इसकी पूरी जवाबदारी सरकार की होने की बात भी कही गई।