| | |

उज्जैन के पंचकोशी मार्ग में बनेगा ग्रीन कॉरिडोर: 50 हजार लगेंगे पौधे; ट्री गार्ड पर नजर आएंगे महाकाल

उज्जैन। सिंहस्थ-2028 को देखते हुए पंचकोशी यात्रा मार्ग को हरित और आकर्षक बनाने के लिए प्रशासन ने बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान शुरू किया है। पूरे मार्ग पर करीब 50 हजार ऊंचे पौधे लगाए जा रहे हैं। इन पौधों की ऊंचाई करीब 10 से 12 फीट रखी गई है। इसके साथ ही मार्ग पर 12 उपवन भी विकसित किए जाएंगे।

कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि पंचकोशी मार्ग से जुड़े गांवों में विभिन्न विभागों के मद के साथ जनभागीदारी से पौधारोपण किया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों को भी अभियान से जोड़ा गया है। इसके तहत शांति वन सहित अन्य स्थानों पर पौधारोपण का काम तेजी से चल रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य पंचकोशी मार्ग को हरित कॉरिडोर के रूप में विकसित करना है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ उज्जैन को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाने के संकल्प को भी गति मिलेगी।

ट्री गार्ड पर नजर आएंगे महाकाल
पौधों की सुरक्षा के लिए मार्ग पर अस्बेस्टस ट्री गार्ड लगाए जा रहे हैं। इन ट्री गार्ड पर भगवान श्री महाकाल मंदिर और पंचकोशी यात्रा मार्ग से जुड़े आकर्षक चित्रों की ब्रांडिंग की जा रही है। इससे पौधों को सुरक्षा मिलने के साथ मार्ग की सुंदरता और धार्मिक आभा भी बढ़ेगी।

ग्रामीणों को सौंपी पौधों की जिम्मेदारी
पौधों की देखरेख और संरक्षण की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायतों, समितियों और ग्रामीणों को दी जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि लगाए गए पौधे केवल अभियान तक सीमित न रहें, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी हो।

सिंहस्थ-2028 के दौरान पंचकोशी यात्रा मार्ग पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में मार्ग को हरा-भरा बनाने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं में भी सुधार किया जा रहा है, ताकि उन्हें सुगम, सुरक्षित और सुखद यात्रा का अनुभव मिल सके।

Share