|

तीन घंटे की सर्चिंग में खुलासा: गुजरात से झाबुआ आए वाहन में 147 किलो प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ मिला; कीमत 42 हजार

झाबुआ। जिले में प्रतिबंधित एवं भ्रामक नाम से बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को सूचना के आधार पर टीम ने करीब तीन घंटे तक सघन सर्चिंग की। इस दौरान कल्याणपुरा में गुजरात से विक्रय के लिए आए एक वाहन की जांच की गई।

वाहन से प्रतिबंधित श्रेणी के कुल 147 किलो खाद्य पदार्थ मिले, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 42 हजार रुपए बताया गया है।

71 नमूने लिए, 5 अमानक मिले
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आदेश और खाद्य सुरक्षा प्रशासन के नियंत्रक एवं आयुक्त के निर्देश पर जिले में 21 जुलाई से खाद्य प्रतिष्ठानों, डेयरी और दूध एवं दूध से बने उत्पादों के विक्रेताओं की जांच की जा रही है। अब तक विभाग ने 71 खाद्य नमूने लेकर भोपाल स्थित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं।

इनमें से 13 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। रिपोर्ट में 5 नमूने अमानक या मिथ्याछाप पाए गए हैं। संबंधित मामलों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे
कल्याणपुरा में जब्त खाद्य पदार्थों को नियमानुसार अभिरक्षा में लिया गया है। इनके नमूने खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने बताया कि प्रतिबंधित अथवा भ्रामक नाम से खाद्य पदार्थों के विक्रय के खिलाफ जिले में जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 

Share