इंदौर के सयाजी होटल का लाइसेंस सस्पेंड: किचन सील; बिना पैकिंग डेट का मिला था नॉनवेज

इंदौर। शहर के फाइव स्टार सयाजी होटल का लाइसेंस खाद्य विभाग ने सस्पेंड कर किचन सील कर दिया है। टीम को जांच के दौरान 66 किलो नॉनवेज खाद्य सामग्री बिना पैकिंग डेट के मिली। खाद्य सामग्री के रखरखाव, स्वच्छता, लेबलिंग और लाइसेंस से जुड़ी कई गंभीर खामियां सामने आई हैं।
कोल्ड स्टोरेज में वेज और नॉनवेज सामग्री एक साथ रखी मिली। सी-फूड, चिकन और मटन के लिए अलग-अलग स्टोरेज की व्यवस्था नहीं थी। खाद्य सामग्री के निर्धारित तापमान के रखरखाव में भी लापरवाही मिली। इसके अलावा कमरे के तापमान पर ग्रीवी रखी हुई थी।
फंगस लगी मूंगफली, सड़े आलू-टमाटर मिले
निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी डेट की टैगिंग वाले उबले आलू, फंगस लगी मूंगफली, सड़े हुए टमाटर और आलू सहित बिना लेबल की खाद्य सामग्री मिली। खाद्य सामग्री को कई जगह दीवार से सटाकर और बिना पैलेट के रखा गया था। पैलेट के नीचे गंदगी जमा थी।
ड्राय स्टोरेज की दीवार और फर्श में दरारें भी मिलीं। खाद्य पदार्थ रखने वाले प्लेटफॉर्म और वेजिटेबल स्टोरेज में जंग लगी मिली। परिसर में कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी के संकेत मिले। चूहों की लीद भी मिली। डस्टबिन में गीले और सूखे कचरे को अलग रखने की व्यवस्था नहीं थी।

कुल्फी पर डेट और बैच नंबर भी नहीं
जांच में पैक्ड कुल्फी पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर दर्ज नहीं मिले। फ्रोजन डेजर्ट को मेन्यू में आइसक्रीम के रूप में दर्शाया गया था। कुछ खाद्य उत्पाद बिना जरूरी लेबल के मिले। कुछ कच्चे माल पर लगे लेबल भी आसानी से हटाए जा सकने वाले पाए गए।

लाइसेंस में नॉनवेज और बेकरी का उल्लेख नहीं
खाद्य विभाग की जांच में लाइसेंस से जुड़ी विसंगतियां भी सामने आईं। होटल के लाइसेंस में नॉनवेज शामिल नहीं होने के बावजूद वहां नॉनवेज खाद्य सामग्री रखी और इस्तेमाल की जा रही थी।
इन-हाउस बेकरी संचालित होने के बावजूद लाइसेंस में बेकरी का उल्लेख नहीं मिला। मिठाई निर्माण के बावजूद स्वीट्स का भी लाइसेंस में उल्लेख नहीं था। शुगर पाउच पर ‘सयाजी’ नाम दर्ज था, लेकिन उससे संबंधित लेबल/ब्रांड लाइसेंस भी नहीं मिला। होटल के फाइव स्टार श्रेणी में होने के बावजूद केंद्रीय खाद्य लाइसेंस से जुड़ी स्थिति पर भी सवाल उठे।
जला तेल ड्रेनेज में डालने की बात
निरीक्षण के दौरान इस्तेमाल किए गए जले हुए तेल को सीधे ड्रेनेज में डालने की बात भी सामने आई। इसे लेकर भी खाद्य सुरक्षा टीम ने आपत्ति दर्ज की।