उज्जैन में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला राजस्थान से गिरफ्तार: 1.27 करोड़ ऐंठा था; महंगे शौक के लिए महिलाओं को बनाता था निशाना

उज्जैन। शादी का झांसा देकर युवतियों से दुष्कर्म करने और पैसे ऐंठने वाले आरोपी को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। चार महीने पहले एक लड़की ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
एसपी प्रदीप शर्मा ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया 13 मई को युवती थाना माधवनगर पर शिकायत की थी। आरोपी की पहचान मनीष (36) मानसरोवर, राजस्थान निवासी के रूप में हुई है।
आरोपी ने मार्च 2025 में युवती से शादी का वादा किया। शादी के लिए 1 करोड़ 27 लाख ले लिए। फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। मार्च 2026 में मनीष ने शादी से मना कर दिया।
जान से मारने की धमकी भी दी
जब युवती ने उससे शादी का वादा निभाने की बात की तो उसने जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएनएस की धारा 69 और 351(3) के तहत केस दर्ज हुआ। पुलिस ने मनीष की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट से रिमांड पर लेकर पूछताछ की।
ऐसे बनाता था शिकार
पूछताछ में पता चला आरोपी महंगे शौक रखता है। अपना ठिकाना बदलते हुए अलग-अलग किराए के कमरों में रहता था। महिलाओं से बातचीत करके उनके करीब आता था। फिर संबंध बनाकर शादी का भरोसा दिलाता था। अपने शौक पूरे करने के लिए महिलाओं से मोटी रकम हासिल करता था। उसके पास से नगद राशि, दो महंगे मोबाइल फोन और ऑनलाइन शॉपिंग से खरीदा गया कीमती सामान बरामद किया है।
इनकी रही अहम भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी में टीआई गजेंद्र पचौरिया, एसआई अंजली राजपूत, साइबर सेल के प्रतीक यादव और प्रेम सबरवाल के साथ अविनाश, समर्थ, रवि शर्मा, नरेंद्र जाबरिया, श्यामबरण और आशा बर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी से पूछताछ में और खुलासे हो सकते है।