इंदौर के प्रीस्कूल में 3 साल की मासूम से बदसलूकी: पिता ने बैग में वॉयस रिकॉर्डर छिपाकर पकड़ी टीचर की करतूत, FIR दर्ज

इंदौर। शहर के पॉश इलाके विजय नगर स्थित ‘फर्स्ट क्राय इंटेलिटोट्स’ प्री-स्कूल में 3 साल की मासूम बच्ची के साथ बदसलूकी और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। बच्ची के परिजनों का आरोप है कि स्कूल की शिक्षिका प्रांजली उपाध्याय मासूम को चिमटी काटती थी, डराती-धमकाती थी और उसके व माता-पिता के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करती थी। पिता की शिकायत और वॉयस रिकॉर्डिंग के आधार पर विजय नगर पुलिस ने आरोपी शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डरी-सहमी बच्ची ने बयां किया दर्द
कल्याण संपत (भोरासला) निवासी फरियादी रत्नेश अग्निहोत्री ने पुलिस को बताया कि उनकी 3 साल की बेटी पिछले कुछ दिनों से स्कूल से लौटने के बाद काफी डरी-सहमी रहती थी। उसके व्यवहार में अचानक आए बदलाव को देखकर जब पिता ने प्यार से उससे बातचीत की, तो बच्ची ने बताया कि उसकी मैम बहुत ‘गंदी’ हैं, उसे चिमटी काटती हैं और गंदे शब्द बोलती हैं।
बैग में छिपाया वॉयस रिकॉर्डर, खुली पोल
बेटी की बात सुनकर पिता को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने सच्चाई जानने के लिए अगले दिन बेटी के स्कूल बैग में चुपके से एक वॉयस रिकॉर्डर ऑन करके रख दिया। दोपहर में जब बच्ची घर लौटी तो पिता ने रिकॉर्डर की ऑडियो क्लिप सुनी। ऑडियो में शिक्षिका प्रांजली उपाध्याय द्वारा मासूम को धमकाने, रोने की आवाजें और अभद्र भाषा का इस्तेमाल स्पष्ट सुनाई दिया। रिकॉर्डिंग में शिक्षिका द्वारा बच्ची के माता-पिता के प्रति भी अमर्यादित टिप्पणी की गई थी।
प्रिंसिपल ने फुटेज देने से किया इनकार
साक्ष्य मिलने के बाद पिता अगले दिन शिकायत लेकर प्रीस्कूल पहुंचे और क्लासरूम के सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की। आरोप है कि स्कूल प्रिंसिपल ने फुटेज दिखाने से साफ इनकार कर दिया और मामले को दबाने का प्रयास किया। इसके बाद पीड़ित पिता ने विजय नगर पुलिस थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी। पुलिस ने आरोपी शिक्षिका प्रांजली उपाध्याय के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और अब स्कूल के सीसीटीवी फुटेज व रिकॉर्डिंग की जांच करा रही है।