|

शिक्षिका के घर पर पिता-पुत्र ने मारे पत्थर : स्कूटी, कार और घर के कांच तोड़े; पुलिस के सामने दी धमकी

धार। संजय कॉलोनी में मंगलवार देर रात एक शिक्षिका के घर पर पड़ोसी पिता-पुत्र ने पथराव और तोड़फोड़ कर दी। आरोपियों ने घर के बाहर खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाने के साथ वेंटिलेशन के कांच भी तोड़ दिए। परिवार ने दरवाजा बंद कर खुद को घर के अंदर सुरक्षित किया। सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने भी आरोपियों ने अभद्रता करते हुए शिक्षिका के पति को जान से मारने की धमकी दी। मामले में नौगांव थाने में दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

प्रियांशु को बाहर भेजने की मांग की
पुलिस के अनुसार, गुरुकुल एकेडमी में शिक्षिका श्वेता सक्सेना 18 अगस्त की रात अपने बेटे प्रियांशु, वेदांश और सास इंद्रादेवी के साथ घर में थीं। इसी दौरान पड़ोसी संजय चौहान और उसका बेटा केशव चौहान दरवाजे पर पहुंचे। दोनों गाली-गलौज करते हुए प्रियांशु को बाहर भेजने की मांग करने लगे। परिवार ने डर के कारण दरवाजा बंद कर लिया।

वाहनों पर किया पथराव, कांच भी तोड़े
दरवाजा नहीं खुलने पर आरोपियों ने लाठी और पत्थरों से घर के बाहर खड़े वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया। इसमें श्वेता की स्कूटी, उनके ससुर वीरेंद्र सक्सेना की टीवीएस एक्सल और कार (MP09CV7837) क्षतिग्रस्त हो गई। घर के बाहर लगे बड़े वेंटिलेशन के कांच भी पत्थर मारकर तोड़ दिए गए।

पुलिस के सामने भी धमकी देने का आरोप
घटना की सूचना मिलने पर नौगांव थाने की पुलिस करीब 10 से 15 मिनट में मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भी पिता-पुत्र ने शिक्षिका के पति को गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।

दोनों आरोपियों पर केस दर्ज
शिक्षिका की शिकायत पर पुलिस ने संजय पिता गिरधारी चौहान और केशव पिता संजय चौहान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। नौगांव थाना प्रभारी रामलल्लन मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और फरियादी को थाने लाकर मामला दर्ज किया। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Share