| | |

खजराना गणेश मंदिर में हो रहा सुधार: कलेक्टर ने किया निरीक्षण; गणेश चतुर्थी की तैयारियों की समीक्षा

इंदौर। प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में मास्टर प्लान के तहत सुधार और विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। बुधवार को कलेक्टर शिवम वर्मा ने मंदिर पहुंचकर चल रहे कामों का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भगृह सहित मंदिर परिसर के अन्य हिस्सों में किए जा रहे कार्यों की बारीकी से जानकारी ली।

निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने खजराना गणेश के दर्शन कर पूजन किया और आशीर्वाद लिया। इसके बाद मंदिर प्रबंध समिति के साथ बैठक कर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में आगामी कार्ययोजना और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर भी चर्चा हुई।

गणेश चतुर्थी पर व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश
कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारियों और मंदिर प्रबंधन को निर्देश दिए कि गणेश चतुर्थी के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। सुधार कार्यों के कारण श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा।

उन्होंने दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने, भीड़ को व्यवस्थित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए।

मंदिर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होंगे
कलेक्टर ने मंदिर परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, इसलिए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर पहले से तैयारी पूरी रखी जाए। निरीक्षण और बैठक के दौरान नगर निगम, पुलिस सहित प्रशासन के अधिकारी और मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Share