|

विशाखापट्टनम में RSS की बैठक शुरू: 32 संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी होंगे शामिल; युवाओं को नशे से दूर रखने पर होगा मंथन

विशाखापट्टनम। विशाखापट्टनम के समीप गुड़िलोवा स्थित ‘विज्ञान विहार’ विद्यालय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय समन्वय बैठक आज सुबह शुरू हुई। बैठक का शुभारंभ संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया।

हर साल आयोजित होने वाली इस समन्वय बैठक में संघ की प्रेरणा से कार्य कर रहे 32 संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं। बैठक में मोहन भागवत, दत्तात्रेय होसबाले, सभी सह सरकार्यवाह और संघ के अन्य केंद्रीय पदाधिकारी मौजूद हैं।

327 प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद
बैठक में संघ से प्रेरित विभिन्न संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महामंत्री, अखिल भारतीय संगठन मंत्री और चयनित कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं। इनमें भारतीय मजदूर संघ, विश्व हिंदू परिषद, भारतीय जनता पार्टी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय किसान संघ और राष्ट्र सेविका समिति सहित अन्य संगठन शामिल हैं।

बैठक में संगठनों से 49 महिलाओं सहित 253 प्रमुख कार्यकर्ताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है। संघ के पदाधिकारियों को मिलाकर कुल 327 प्रतिनिधियों के बैठक में शामिल होने की उम्मीद है।

फैसला लेने वाली बैठक नहीं, समन्वय पर जोर

बैठक का उद्देश्य किसी तरह का कार्यकारी या निर्णय लेने वाला मंच बनना नहीं है। इसका मुख्य उद्देश्य समाजहित में काम कर रहे विभिन्न संगठनों के बीच अनुभवों को साझा करना और आपसी समन्वय को बेहतर करना है।

बैठक में वर्तमान परिस्थितियों, सामाजिक बदलाव और समाज से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही समसामयिक विषयों पर संगठनों के अनुभव और कार्यों को साझा किया जाएगा।

जनसांख्यिकीय बदलाव और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा

समन्वय बैठक में जनसांख्यिकीय असंतुलन और डेमोग्राफिक बदलाव के संभावित प्रभावों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही इन परिस्थितियों से जुड़े आवश्यक कदमों पर चर्चा होने की बात कही गई है।

युवाओं को नशे से दूर रखने पर भी मंथन
बैठक में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों और भविष्य में विभिन्न संगठन इस दिशा में क्या भूमिका निभा सकते हैं, इस पर भी चर्चा होगी। नशामुक्ति के साथ-साथ युवाओं में जागरूकता और सकारात्मक सोच विकसित करने से जुड़े अन्य विषयों पर भी विचार किया जाएगा।
Share