खंडवा में नर्मदा में नहाते हुए डूबा इंदौर का युवक: फैब्रिकेशन का काम करता था; दोस्त ने नाविक की मदद से बाहर निकाला शव

बड़वाह। नर्मदा नदी में नहाने के दौरान इंदौर के 19 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसा मंगलवार शाम करीब पौने छह बजे नवघाट खेड़ी स्थित नर्मदा घाट और एक्वाडक्ट पुल के बीच हुआ।
नहाने के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान इंदौर के चंदन नगर निवासी रेहान के रूप में हुई है। बताया गया कि रेहान अपने साथी मोहम्मद अखलाक के साथ बड़वाह में फैब्रिकेशन का काम करने आया था। दोनों नर्मदा नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान रेहान गहरे पानी में डूब गया।
केवट की मदद से बाहर निकाला
साथी की आवाज सुनकर गोताखोर बाबूलाल बंगले और प्रदीप केवट मौके पर पहुंचे और युवक को पानी से बाहर निकाला। सीपीआर देकर जान बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। शव मर्चुरी में रखा गया है। आज पोस्टमार्टम किया जाएगा।