उज्जैन में 28.40 लाख की चोरी के तीन आरोपी गिरफ्तार: ताले तोड़कर चुराए सोने-चांदी के गहने; नकदी और बाइक बरामद

उज्जैन। नागदा पुलिस ने चोरी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 28.40 लाख का सामान बरामद किया। इसमें 27.20 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, 70 हजार नकद और 50 हजार की बाइक शामिल है।
सुनील नगर और ग्राम मोहना में अलग-अलग मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए गए थे। इन घटनाओं को लेकर थाना नागदा में अपराध क्रमांक 440/2025 और 334/2026 के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। डिजिटल सबूत की मदद से पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह है आरोपी
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान खरगोन जिले के सिगनूर निवासी रत्तलाम सिंह, धार जिले के गंधवानी निवासी दीपक उर्फ गुलिया माटिया और शिवराज सिंह छावड़ा के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
लाखों के जेवरात बरामद
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए। आरोपी रत्तलाम सिंह के पास से करीब 8.50 लाख रुपए के जेवरात और 70 हजार रुपए नकद मिले। वहीं दीपक से लगभग 8.30 लाख रुपए के आभूषण बरामद हुए। तीसरे आरोपी शिवराज सिंह के कब्जे से करीब 8.40 लाख रुपए के जेवरात और एक बाइक मिली।
28.40 लाख रुपए का सामान बरामद
अपराध क्रमांक 440/2025 में शिवराज सिंह और दीपक से करीब 2 लाख रुपए के अतिरिक्त जेवरात भी बरामद किए गए। इस तरह दोनों मामलों को मिलाकर पुलिस ने कुल 27.20 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, 70 हजार रुपए नकद और 50 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल, यानी कुल 28.40 लाख रुपए का सामान बरामद किया है।