| | |

लवकुश ब्रिज पर सेल्फी का जुनून: तेज रफ्तार वाहनों के बीच फोटो खिंचवा रहे लोग; हादसे का खतरा

इंदौर। एमआर-10 रोड स्थित लवकुश ब्रिज की एक भुजा शुरू होने के बाद शहरवासियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। मध्यप्रदेश के पहले फ्लायओवर ब्रिज के रूप में चर्चा में आए इस ब्रिज पर लोग सेल्फी लेने और फोटो खिंचवाने के लिए रुक रहे हैं।

सेंटर पॉइंट पर खड़े होकर ले रहे सेल्फी
ब्रिज की दूसरी भुजा पर अभी निर्माण और डामरीकरण का काम चल रहा है। वहीं एक भुजा पर भारी वाहनों के साथ टू-व्हीलर की आवाजाही शुरू हो चुकी है। इसी बीच कुछ लोग ब्रिज के सेंटर पॉइंट पर खड़े होकर हरियाली और ब्रिज के साथ सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं।

कच्ची सड़क पार कर पहुंच रहे चालू हिस्से में
ब्रिज के एक तरफ से दूसरी तरफ जाने वाले लोग कच्ची सड़क पार कर सीधे चालू भुजा पर पहुंच रहे हैं। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के बीच पैदल और दोपहिया वाहन चालकों की आवाजाही से हादसे का खतरा बना हुआ है।

निर्माण क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि लवकुश ब्रिज पर गए और सेल्फी नहीं ली तो क्या किया। हालांकि सड़क पर खड़े होकर फोटो खिंचवाना बेहद जोखिम भरा है। निर्माण क्षेत्र में लोगों की आवाजाही रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

शहर की बड़ी उपलब्धि, सुरक्षा भी जरूरी
लवकुश ब्रिज इंदौर और मध्यप्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्य के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इसका लोकार्पण किया था। अब लोगों से अपील है कि ब्रिज को देखने और सेल्फी लेने के उत्साह के साथ अपनी और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

Share