इंदौर में सफा पार्क के 100 परिवार परेशान: पानी, ड्रेनेज और लाइट की समस्या; जनसुनवाई में की शिकायत

इंदौर। कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में सफा पार्क कॉलोनी के रहवासी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। रहवासियों ने कॉलोनाइजर प्रतीक संघवी और अध्यक्ष अंकित दोषी पर कॉलोनी में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया।
2 साल से पानी और ड्रेनेज की समस्या
कॉलोनी निवासी अजर ने बताया कि सफा पार्क में करीब 100 परिवार रहते हैं। यहां पिछले दो साल से पानी, ड्रेनेज, सड़क, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। समय के साथ परेशानी और बढ़ती जा रही है।

नगर निगम के नोटिस के बाद भी काम नहीं
रहवासियों के अनुसार समस्याओं को लेकर नगर निगम में भी शिकायत की गई थी। इसके बाद कॉलोनाइजर को दो बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
रहवासियों का आरोप है कि अब सहकारिता विभाग द्वारा कॉलोनाइजर का अकाउंट फ्रीज होने की बात कहकर काम टाला जा रहा है।
कलेक्टर ने दिया समाधान का भरोसा
जनसुनवाई में कलेक्टर शिवम वर्मा ने रहवासियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि सहकारिता विभाग से चर्चा कर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। कलेक्टर ने रहवासियों को दो दिन बाद दोबारा मिलने के लिए कहा है।
रहवासियों ने कलेक्टर के आश्वासन पर धन्यवाद जताया और कहा कि अब वे प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार करेंगे।