हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा पीथमपुर: ढोल-नगाड़े, झांकियां के साथ निकली पालकी; विधायक ऊषा ठाकुर भी हुई शामिल

पीथमपुर। बंजारी पंचायत स्थित विश्वास नगर कॉलोनी में बाबा नर्मदेश्वर की पावन पालकी यात्रा निकाली गई। करीब चार घंटे चली इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। क्षेत्रीय विधायक ऊषा ठाकुर ने भी यात्रा में शामिल होकर बाबा नर्मदेश्वर का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा पूरा क्षेत्र
बाबा नर्मदेश्वर की पालकी यात्रा के दौरान पूरा विश्वास नगर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्री महाकाल’ के जयकारों से गूंज उठा। ढोल-नगाड़ों और भजनों की धुन के बीच बाबा महाकाल और सांवरिया सेठ की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर पालकी का स्वागत किया। बड़ी संख्या में नगरवासी यात्रा में शामिल हुए और बाबा नर्मदेश्वर के दर्शन किए।
नन्हीं बालिकाओं ने दिखाया अखाड़े का शौर्य
पालकी यात्रा का खास आकर्षण नन्हीं बालिकाओं का अखाड़ा प्रदर्शन रहा। बालिकाओं ने शौर्य और आत्मरक्षा के करतब दिखाकर सभी का ध्यान खींचा। विधायक ऊषा ठाकुर समेत मौजूद श्रद्धालुओं ने बालिकाओं के साहस और प्रदर्शन की सराहना की।

महाआरती और आतिशबाजी के साथ हुआ समापन
करीब चार घंटे के नगर भ्रमण के बाद बाबा नर्मदेश्वर की पालकी यात्रा मंदिर परिसर पहुंची। यहां महाआरती और आतिशबाजी के साथ बाबा की अगवानी की गई।
आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर समिति की व्यवस्थाओं और पुलिस प्रशासन की सुरक्षा के बीच धार्मिक आयोजन भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ।