राष्ट्रपति भवन में सजेगा धार के बाग प्रिंट का हुनर, 15 अगस्त को मोहम्मद बिलाल खत्री की कला से होगा विशेष अतिथियों का स्वागत

धार। स्वतंत्रता दिवस अवसर पर मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध पारंपरिक हस्तशिल्प ‘बाग प्रिंट’ को एक नया और ऐतिहासिक मुकाम मिलने जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित ‘एट होम’ (हाई टी) समारोह में देश-विदेश से आने वाले लगभग 650 विशेष अतिथि आएंगे। इनके स्वागत के लिए राष्ट्रपति भवन में बाग प्रिंट के राउंड टेबल कवर सजाए जाएंगे।
निमंत्रण पत्र के कवर पेज पर बाग प्रिंट
इसके साथ ही, 15 अगस्त के शुभ अवसर पर आमंत्रित अतिथियों को भेजे जाने वाले आधिकारिक निमंत्रण पत्र के कवर पेज पर भी बाग प्रिंट की पारंपरिक डिज़ाइन को विशेष स्थान दिया गया है। यह अद्वितीय उपलब्धि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मास्टर क्राफ्ट्समैन मोहम्मद बिलाल खत्री और उनके भाइयों काज़िम खत्री एवं अब्दुल करीम खत्री की उत्कृष्ट कलाकारिता का परिणाम है।
हर एक शिल्पकार के समर्पण का सम्मान
बिलाल खत्री का कहना है, कि “यह केवल हमारी व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि यह पूरी बाग प्रिंट परंपरा और इसे संजोकर रखने वाले हर एक शिल्पकार के समर्पण का सम्मान है। बिलाल खत्री दुवारा विशेष रूप से तैयार किए गए ये 36″x36” (राउंड) आकार के टेबल कवर प्रामाणिक बाग शैली और प्राकृतिक रंगों से बने असली मास्टरपीस हैं।
बाग की प्राचीन गुफाओं व फूलों की झलक
इन टेबल कवरों में ऐतिहासिक बाग गुफाओं की पेंटिंग्स से प्रेरित मूंगफली डिज़ाइन और पवित्रता का प्रतीक गेंदा फूल डिज़ाइन दिखाई देगी। साथ ही ताज महल व लाल किले की बारीक नक्काशी और बेल-बूटों को पारंपरिक लकड़ी के ठप्पों के जरिए उकेरा गया है।
बाग प्रिंट के टेबल कवर मुख्य आकर्षण
उन्होंने पूर्वजों द्वारा आदिवासी समुदाय के परिधानों में इस्तेमाल की जाने वाली महीन डिज़ाइनों जुवारिया, जंजीरी-धारी, और दुर्लभ अट्ठा पैटर्न से इसको बनाया गया है। समारोह के पूरे माहौल में बाग प्रिंट के टेबल कवर मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। धार जिले तथा मध्यप्रदेश के हस्तशिल्प के लिए एक नया स्वर्णिम अध्याय लिखेंगे।
2011 में राष्ट्रपति से मुलाकात की थी
2011 में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मोहम्मद बिलाल खत्री अपने पिता शिल्प गुरु मोहम्मद युसूफ़ खत्री के साथ राष्ट्रपति भवन जा चुके हैं। उन्होंने तत्कालीन राष्ट्रपति से मुलाकात की थी।