|

सतना में चाउमीन में निकला कीड़ा: फूड स्ट्रीट रेस्टोरेंट पर खाद्य विभाग का छापा; डेयरी से भी लिए सैम्पल

सतना । नागौद में चाउमीन में कीड़ा मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने एसबीआई चौक स्थित फूड स्ट्रीट रेस्टोरेंट पर छापेमार कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक बिहारी गौर के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया।

शिकायत के बाद पहुंची टीम
ग्राहक ने रेस्टोरेंट में परोसी गई चाउमीन में कीड़ा मिलने की शिकायत की थी। शिकायत मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए चाउमीन और पनीर के सैंपल लिए। निरीक्षण के दौरान किचन की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण और गुणवत्ता की भी जांच की गई।

संचालक को दी गई हिदायत
खाद्य अधिकारी शीतल सिंह ने रेस्टोरेंट संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के नियमों का सख्ती से पालन करने और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए।

डेयरी में भी हुई जांच
रेस्टोरेंट की कार्रवाई के बाद टीम ने नागौद स्थित गोलू 56 डेयरी का निरीक्षण किया। यहां से दूध, पनीर और खोवा के नमूने लिए गए। अधिकारियों के अनुसार सभी सैंपल जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।

रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य अधिकारी शीतल सिंह ने बताया कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद नमूनों की गुणवत्ता के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सतर्क रहने और किसी भी गड़बड़ी की सूचना तत्काल देने की अपील की है।

Share