|

आलीराजपुर में कलेक्टर ने ग्रामीणों संग बनाई रंगोली: प्रदर्शनी पोषण के फायदे बताए; तिरंगे से दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश

आलीराजपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को एक कार्यक्रम में कलेक्टर का अलग अंदाज देखने को मिला। आमतौर पर प्रशासनिक बैठकों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा में व्यस्त रहते है। कलेक्टर नीतू माथुर ने अधिकारियों के साथ तिरंगा रंगोली में रंग भरे। उन्होंने इस दौरान मौजूद अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का उत्साह भी बढ़ाया।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पुष्प एवं तिरंगा रंगोली के साथ पोषण प्रदर्शनी भी लगाई गई। कलेक्टर माथुर ने रंगोली निर्माण में सहभागिता करते हुए राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

कलेक्टर बोलीं- तिरंगा देश के सम्मान और एकता का प्रतीक
कलेक्टर ने कहा कि तिरंगा सिर्फ ध्वज नहीं, बल्कि देश के सम्मान, गौरव और एकता का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान लोगों को राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी और भावनाओं से जोड़ने का अवसर है।

उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागी बनने और आसपास के लोगों को भी प्रेरित करने की अपील की।   

प्रदर्शनी में बताए पौष्टिक खाद्य पदार्थों के फायदे
कार्यक्रम में लगाई गई पोषण प्रदर्शनी के माध्यम से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों की जानकारी दी गई। साथ ही संतुलित आहार और पोषण के महत्व को लेकर जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में प्रशासन और आमजन की सहभागिता के जरिए राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया। तिरंगे के रंगों से सजी रंगोली आयोजन का आकर्षण रही।

Share