रीवा में ANM के खाते से निकाले 53 हजार: स्कैमर ने कलेक्टर बनकर की बात; BMO के निर्देश पर दी जानकारी

रीवा। रंगौली में पदस्थ एएनएम ने बैंक से 53 हजार रुपए निकालने की शिकायत कलेक्टर से की है। एएनएम के मुताबिक घटना से पहले बीएमओ डॉ. आनंद पांडेय ने बताया था कि अशोक मीणा, नायब तहसीलदार कलेक्ट्रेट के नाम से फोन आएगा और फोन पर मांगी गई जानकारी उपलब्ध करानी है।
मोबाईल पर बात करने के बाद खाली हुआ अकाउंट
एएनएम ने शिकायत में बताया कि बीएमओ के निर्देश के बाद जब फोन आया तो उसे लगा कि यह कलेक्ट्रेट से संबंधित अधिकारी का फोन है। फोन पर बातचीत के दौरान जानकारी उपलब्ध कराने के बाद उसके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन होने लगे। मोबाइल पर रकम निकलने के मैसेज आने के बाद उसे खाते से रुपए निकाले जाने की जानकारी हुई।

जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
खाते से 53 हजार रुपए निकाले गए। एक ट्रांजेक्शन 34,990 रुपए का भी है। पीड़िता ने कलेक्टर से मामले की जांच कराने, खाते से निकली रकम वापस दिलाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जांच के बाद सामने आएगा सच
एएनएम का कहना है कि बीएमओ द्वारा पहले ही संबंधित अधिकारी के फोन आने की जानकारी दिए जाने के कारण उसे फोन करने वाले व्यक्ति पर संदेह नहीं हुआ। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि फोन किसने किया और खाते से रकम किस तरीके से निकाली गई।