इंदौर में 17 अगस्त को निकलेगी श्री बाणेश्वर महादेव की शाही सवारी: 200 मंचों से होगा स्वागत; श्रद्धालु खींचेंगे रजत रथ

इंदौर। बाणगंगा क्षेत्र स्थित श्री बाणेश्वर कुण्ड मंदिर में विराजित श्री बाणेश्वर महादेव की शाही सवारी 17 अगस्त 2026, सोमवार को सुबह 9 बजे पूरे धार्मिक उत्साह और परंपरागत वैभव के साथ निकलेगी। बाबा बाणेश्वर अपने लवाजमे के साथ नगर भ्रमण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे। यात्रा मार्ग पर करीब 200 से अधिक स्वागत मंचों से बाबा का अभिनंदन किया जाएगा।

तैयारियों को लेकर हुई श्रद्धालुओं की बैठक
श्री बाणेश्वर महादेव मंदिर धार्मिक, पारमार्थिक एवं सार्वजनिक न्यास के यात्रा प्रमुख प्रदीप यादव ‘दीपू’ ने बताया कि शाही सवारी की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। हर वर्ष हजारों श्रद्धालु यात्रा में शामिल होते हैं, इसलिए उनकी सुविधा और सुरक्षा के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।

100 युवाओं की टीम संभालेगी यातायात व्यवस्था
बैठक में तय किया गया कि बाबा बाणेश्वर के रजत रथ को श्रद्धालु अपने हाथों से खींचेंगे। यात्रा मार्ग पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए 100 से अधिक युवाओं की टीम तैनात रहेगी।

बैंड, ढोल-ताशे, अखाड़े और झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
शाही सवारी में बैंड-बाजे, ढोल-ताशे, डीजे, अखाड़े, भजन मंडलियां, लोकनर्तक, ऊंट-घोड़े, धार्मिक झांकियां और पारंपरिक वेशभूषा में श्रद्धालु शामिल होंगे। साधु-संतों के साथ धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी यात्रा में भाग लेंगे।

यह रहेगा यात्रा का मार्ग
यात्रा श्री बाणेश्वर कुण्ड मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर बाणगंगा मेन रोड, महेश गार्ड लाइन, मरीमाता चौराहा और वृंदावन कॉलोनी होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी। यहां महाआरती के बाद यात्रा का समापन किया जाएगा।

श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और शीतल जल की व्यवस्था
यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल, ठंडाई, फलाहार और खिचड़ी प्रसाद की विशेष व्यवस्था की जाएगी। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से शाही सवारी में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

Share