| | |

इंदौर सीनियर बैडमिंटन टीम घोषित: पूर्व राज्य विजेता अनिकेत परदेशी कप्तान; 7 खिलाड़ी टीम में शामिल

इंदौर। मध्य प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वाधान में ग्वालियर में खेली जाने वाली 64वीं इंटर डिस्ट्रिक्ट एवं 79वीं मध्य प्रदेश राज्य सीनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए इंदौर जिला बैडमिंटन टीम एवं ओपन वर्ग के खिलाड़ियों की घोषणा कर दी गई है। इंदौर टीम की घोषणा

इंदौर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के मानद सचिव आर. पी. सिंह नैयर ने की
64वीं अंतर जिला राज्य चैंपियनशिप के लिए इंदौर जिला सीनियर टीम की कमान पूर्व राज्य विजेता अनिकेत परदेशी को सौंपी गई है। टीम के अन्य खिलाड़ियों में नैवेद्य टोंडे, कन्हैया शर्मा, ओम पटेल, कनिका जाट, ओजस्वी भोमिया एवं कृति तिवारी शामिल हैं।

टीम के कोच/मैनेजर गौरव नमन सिंह हैं। इंदौर जिला टीम लगातार पिछले तीन वर्षों से इंटर-डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप की उप विजेता रही है। इस बार टीम पिछले प्रदर्शन को बेहतर करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम करने के लिए मैदान में उतरेगी।

इंटर डिस्ट्रिक्ट टीम के अलावा ओपन सीनियर वर्ग में इंदौर की ओर से जय सोनी, गौरव परमार,ऑस्टिन नथानियल, काव्या शर्मा, भरत खत्री, दुष्यंत मेहता,अनैट्टा बिनु, शेर्या अग्रवाल, दिव्या चोकसे, दिव्या गुज्जर, क्रिश सोलंकी, स्वाति सोलंकी और गौरी चित्ते विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे।

खिलाड़ियों को मिली किट
टीम की घोषणा के साथ खिलाड़ियों को किट प्रदान की गई। किट वितरण कार्यक्रम में इंटरनेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी सीमा बाफना, पूर्व डबल्स स्टेट चैंपियन विशाल चांदवानी, पूर्व डबल्स स्टेट चैंपियन प्रकाश धाकड़, सुधांशु व्यास, राजनिश जैन तथा पूर्व राज्य स्तरीय खिलाड़ी मनीष त्रिवेदी विशेष रूप से उपस्थित थे।

आईडीबीए के मानद सचिव आर. पी. सिंह नैयर ने टीम की घोषणा करते हुए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि इंदौर के खिलाड़ियों ने पिछले वर्षों में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी प्रतिभा साबित की है। इस बार टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

Share